बिहार बाढ़ : कहर जारी, राजधानी में हुई सर्वदलीय बैठक (लीड-1)

पटना, 29 अगस्त (आईएएनएस)। बिहार में बाढ़ की स्थिति में कोई खास सुधार नहीं हुआ है और नए इलाकों में बाढ़ का पानी लगातार घुस रहा है। सरकार के मुताबिक अब तक बाढ़ में 20 लाख लोग फंसे हुए हैं। शुक्रवार को राजधानी में बाढ़ के मुद्दे पर सर्वदलीय बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में राज्य के सभी राजनीतिक दलों के सदस्यों ने हिस्सा लिया।

सर्वदलीय बैठक के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बताया कि बाढ़ के मुद्दे पर सभी राजनीतिक दल मिलकर काम करेंगे। उन्होंने बताया कि पांच सबसे ज्यादा बाढ़ प्रभावित जिलों में राहत कार्यो के निरीक्षण के लिए एक-एक मंत्री को नियुक्त किया गया है। आधिकारिक तौर पर बाढ़ के कारण अब तक 12 लोगों की मौत हो चुकी है हालांकि अपुष्ट सूत्रों के अनुसार यह आंकड़ा 100 से कहीं ज्यादा है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि अररिया में आपदा प्रबंधन राज्यमंत्री नीतीश मिश्र, सुपौल में जल संसाधन मंत्री बिजेन्द्र यादव, मधेपुरा में राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री नरेन्द्र नारायण यादव, सहरसा में लघु जल संसाधन मंत्री दिनेश प्रसाद और पूर्णिया में श्रम संसाधन मंत्री अवधेश नारायण सिंह राहत कार्यो का निरीक्षण करेंगे। उन्होंने बताया कि राहत शिविर अगले वर्ष मार्च-अप्रैल तक चलाया जाएगा।

उधर, राज्य के आपदा प्रबंधन विभाग के विशेष सचिव प्रत्यय अमृत ने आज आईएएनएस को बताया कि लोगों को बाढ़ प्रभावित इलाकों से बाहर निकालने के लिए 700 नाव और मोटर बोट चल रहे हैं। उन्होंने कहा कि दो दिनों में इनकी संख्या 950 हो जाएगी और 5 हजार टेंट बाढ़ राहत शिविरों में पहुंचा दिए जाएंगे, जिससे राहत शिविरों में रहने वाले लोगों को छत मिल सके। कोसी नदी का पानी अब मधेपुरा, सुपौल, पूर्णिया, सहरसा, खगड़िया और फारबिसगंज के नए क्षेत्रों में फैल रहा है।

अब तक डेढ़ लाख लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा दिया गया है। पूर्णिया जिले के बीकोठी, बनमनखी, रूपौली और धमदाहा प्रखंडों में कोसी का कहर जारी है। जलस्तर में वृद्घि से बीकोठी की ढीबराधनी, भनसारा व लतहारा पंचायत क्षेत्र प्रभावित हुए हैं। बनमनखी-मुरलीगंज सीमा पर चैनपुर के पास राष्ट्रीय राज्यमार्ग क्रमांक 107 का आधा हिस्सा पानी में बह गया है।

अररिया के नरपतगंज प्रखंड के कई नए गांवों में बाढ़ का पानी घुस गया है। भागलपुर के नवगछिया अनुमंडल में बाढ़ की स्थिति गंभीर बनी हुई है। सुपौल जिला के वीरपुर, बलुआ, छातापुर, त्रिवेणीगंज के इलाके में पानी का दबाव बढ़ा है।

इससे पहले आपदा प्रबंधन के प्रधान सचिव आऱ क़े सिंह ने बताया था कि उन्हें खबर मिली है कि निजी नाव वाले लोगों को बाहर निकालने के एवज में दो-तीन हजार रुपए ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसी नावों को जब्त कर लिया जाएगा। सिंह ने बताया कि सेना की एक-एक टुकड़ी अररिया, सुपौल और मधेपुरा में लगी हुई है। उन्होंने बताया कि हेलीकॉप्टर के जरिए अब तक 23 हजार खाने के पैकेट गिराए जा चुके हैं हालांकि मौसम का मिजाज इसमें रोड़ा बना हुआ है।

उधर, जलसंसाधन विभाग, मोतिहारी के मुख्य अभियंता श्यामनंदन प्रसाद ने बताया कि पिछले 24 घंटे के दौरान नेपाल के पाखरा और भैरहवां में लगातार बारिश होने के कारण वाल्मीकीनगर गंडक बराज से पिछले 24 घंटे में दो लाख 50 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। बराज से पानी छोड़े जाने के बाद स्थिति और खराब हो गई है।

इधर, विख्यात बाढ़ विशेषज्ञ नीलेन्दु सान्याल ने पत्रकारों को बताया कि कोसी को मूलधारा में वापस लाना संभव है। यह कार्य आसान नहीं लेकिन असंभव भी नहीं है। सान्याल ने गुरुवार को कोसी क्षेत्र का हवाई सर्वेक्षण भी किया था।

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+