'वोट के बदले नोट' मामले में साक्ष्यों से छेड़छाड़ का प्रयास : भाजपा (लीड-1)
नई दिल्ली, 4 अगस्त (आईएएनएस)। संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार के मंत्रियों व उसे समर्थन कर रही समाजवादी पार्टी (सपा) के नेताओं द्वारा 'वोट के बदले नोट मामले' में सोमवार को संयुक्त रूप से जारी की गई सीडी को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने काल्पनिक करार दिया है। संप्रग नेताओं द्वारा जारी की गई सीडी को भाजपा ने साक्ष्यों के साथ छेड़छाड़ करने का प्रयास बताया।
भाजपा महासचिव अरुण जेटली ने पार्टी मुख्यालय में आयोजित एक विशेष संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा, "विश्वास प्रस्ताव के दौरान भाजपा के तीन सांसदों को पैसे देने के संबंध में भाजपा ने पूर्व में जिन तथ्यों को पेश किया है, उन तथ्यों का न तो खंडन किया गया है और न ही किया जा सकता है।"
उन्होंने कहा, "संप्रग के नेताओं ने आज जो सीडी जारी की है वह पूरी तरह काल्पनिक है। उसे देखकर ऐसा लगता है मानों मध्यप्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती द्वारा पिछले दिनों जारी की गई सीडी सपा महासचिव अमर सिंह की डाक्युमेंट्री बन गई है।"
उन्होंने कहा, "आज जो देखने को मिला वह देश के लिए ही नहीं बल्कि केंद्र सरकार के लिए शर्म का विषय है। रिश्वत के आधार पर बची हुई सरकार ने फर्जी व काल्पनिक मामले की जैसे कोई उपसमिति बना दी हो। सरकार के मंत्रियों का इसके समर्थन में उतर आना यही दर्शाता है।"
जेटली ने कहा, "झूठ और फरेब के साथ मंत्रिपरिषद के एक अंश का जुट जाना बेहद दुर्भाग्यजनक है। प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को अब यह सोचना चाहिए कि वे अपने मंत्रियों को झूठ और फरेब के साथ किस सीमा तक जाने की छूट दे सकते हैं।"
इससे पहले जेटली ने दावा कि सीडी में जिस संजीव सक्सेना का बार-बार जिक्र है और जिसके बारे में कहा जा रहा है कि नोटों से भरा बैग वही व्यक्ति मेरे घर से लेकर गया था, उसकी सच्चाई ये है कि वह अमर सिंह का कर्मचारी था। जेटली ने संजीव सक्सेना के बेटे द्वारा भरे गए उस एडमिशन फार्म की प्रतियां बांटी जिसमें उसने अमर सिंह के सरकारी निवास का पता दिया था।
जेटली ने कहा कि इससे पहले उन्होंने संजीव सक्सेना व अमर सिंह के संबंधों के बारे में इलेक्ट्रोनिक साक्ष्य दिए थे लेकिन एडमिशन फार्म तो पूरी तरह लिखित साक्ष्य है। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में वे इस बारे में और भी साक्ष्य प्रस्तुत करेंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications