पुणे में 4 साल की बच्ची के साथ दरिंदगी, आरोपी को फांसी दिलाने की तैयारी, फास्ट-ट्रैक कोर्ट में चलेगा केस
Maharashtra Pune Rape Case: पुणे में नाबालिग बच्ची के यौन उत्पीड़न और हत्या के आरोपी 65 वर्षीय व्यक्ति को मृत्युदंड की मांग करने की बात सरकार ने कही है। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शनिवार को मुंबई में पत्रकारों से बात करते हुए बताया कि इस मामले की सुनवाई फास्ट-ट्रैक कोर्ट में की जाएगी।
अपने बयान में मुख्यमंत्री फडणवीस ने पुणे में हुए इस अपराध को "बेहद निंदनीय और दुखद" बताया। उन्होंने कहा, "एक साढ़े तीन साल की बच्ची का 65 वर्षीय व्यक्ति ने यौन उत्पीड़न कर उसकी हत्या कर दी। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। इस घटना के बाद लोगों में भारी गुस्सा है।"

सीएम बोले- मृत्युदंड की मांग करेंगे
सीएम देवेंद्र फडणवीस ने मामले को फास्ट-ट्रैक कोर्ट में चलाने का आश्वस्त किया। उन्होंने कहा, "मैं उच्च न्यायालय से हमें एक विशेष लोक अभियोजक देने का अनुरोध करूंगा, और हम अदालत में मृत्युदंड की मांग करेंगे।" मुख्यमंत्री ने विपक्षी दलों से भी इस घटना पर राजनीति न करने का आग्रह करते हुए इसे "असंवेदनशील" बताया।
Pune Rrape Case: 65 वर्षीय व्यक्ति ने 4 साल की बच्ची से की दरिंदगी
पुणे जिले के एक गांव में एक 65 वर्षीय व्यक्ति द्वारा चार वर्षीय बच्ची का कथित तौर पर यौन उत्पीड़न और हत्या की घटना ने पूरे इलाके में आक्रोश पैदा कर दिया है। यह मामला तब उजागर हुआ, जब बच्ची लापता हुई और उसके परिजनों ने तलाश शुरू की।
बच्ची को खाने का लालच देकर किया यौन शोषण
खोजबीन के दौरान, सीसीटीवी फुटेज में आरोपी बच्ची के साथ दिखाई दिया, जिसके तुरंत बाद पुणे पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने बच्ची को खाने का लालच देकर एक शेड में ले जाकर उसका यौन उत्पीड़न कर हत्या कर दी।
POSCO के तहत मामला दर्ज
घटना के बाद सैकड़ों ग्रामीण एक पुलिस चौकी और राजमार्ग पर जमा होकर आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करने लगे। पुणे ग्रामीण पुलिस अधीक्षक (एसपी) संदीपसिंह गिल ने मौके पर पहुंचकर जनता को आश्वस्त किया कि मामले की सुनवाई फास्ट-ट्रैक की जाएगी। उन्होंने बताया कि आरोपी को पॉक्सो (POSCO) और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
NCP ने की घटना की निंदा
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) की सांसद सुप्रिया सुले ने भी कथित यौन उत्पीड़न और हत्या के मामले में "कठोरतम कार्रवाई की जाएगी" का आश्वासन देते हुए लोगों से "संयम बरतने" का आग्रह किया। सुले ने कथित घटना की निंदा करते हुए इसे "अमानवीय" और "मानवता को शर्मसार करने वाली" बताया।












Click it and Unblock the Notifications