Success Story: तीन सगी बहनें एक साथ बनीं पुलिस कांस्टेबल, पिता ने जमीन बेचकर पढ़ाया
Success Story Sisters: लोग ताने मारते रहे, मगर इस परिवार ने तीनों बेटियों को पढ़ाने- लिखाने और खेल प्रतियोगिताओं में दम-खम दिखाने से नहीं रोका। नतीजा तीनों ही बेटियां एक साथ यूपी पुलिस कांस्टेबल बन गईं। सगी बहनों की यह सक्सेस स्टोरी उत्तर प्रदेश की है।
हाल ही 13 मार्च 2025 को जारी यूपी पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा में एक साथ सलेक्शन पानी वालीं तीनों बहनें खुशबू चौहान, कविता चौहान और सोनाली चौहान ने अपने कामयाबी से परिवार में होली पर ही दिवाली मनवा दी।

ये तीनों जौनपुर जिले के सिकरारा थाना क्षेत्र के मेहमदपुर औसी गांव की रहने वाले स्वतंत्र उर्फ पप्पू चौहान की बेटियां हैं। स्वतंत्र उर्फ पप्पू चौहान किसान हैं। बेटियों की पढ़ाई के लिए अपनी जमीन तक बेच दी थी।
परिवार की कमजोर आर्थिक स्थिति के बावजूद चौहान ने कभी भी अपनी बेटियों की पढ़ाई और खेल से कोई समझौता नहीं किया।
मीडिया से बातचीत में बड़ी बेटी खुशबू चौहान बताती हैं, "हमारे पिता ने हमें कभी यह महसूस नहीं होने दिया कि हमारे पास संसाधन कम हैं। वह हमें हमेशा यही समझाते रहे कि अगर हमें सही दिशा मिले, तो हम किसी भी मुश्किल को पार कर सकते हैं।"
खेल से पुलिस भर्ती तक का सफर
तीनों बहनें शुरू से ही खेलों में सक्रिय थीं। खुशबू खो-खो की खिलाड़ी रहीं और पूर्वांचल विश्वविद्यालय की ओर से अखिल भारतीय स्तर पर प्रतिस्पर्धा कर चुकी है। कविता कबड्डी खेलती है और जौनपुर टीम की तरफ से स्टेट लेवल पर खेल चुकी है। वहीं, सोनाली 400 मीटर की नेशनल लेवल की धाविका रही और इलाहाबाद जाकर बेहतर ट्रेनिंग करती थीं।
गांव छोड़कर जौनपुर में रहकर की तैयारी
- यूपी पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा के लिए तीनों बहनें गांव छोड़कर जौनपुर आकर रहने लगी थीं और पहले ही प्रयास में सफल हो गईं।
- कविता बताती हैं, "गांव में माहौल सही नहीं था, इसलिए पापा ने हमें जौनपुर भेज दिया। वहां रहकर हमें फिजिकल और लिखित परीक्षा की तैयारी पर ध्यान केंद्रित करने का समय मिला।"
3 बहनों को जौनपुर के कोच रविचंद्र यादव ने गाइड किया
तीनों बहनों को जौनपुर के कोच रविचंद्र यादव ने गाइड किया। रविचंद्र यादव खुद एक खिलाड़ी रहे हैं और बच्चों को मुफ्त में ट्रेनिंग देने का काम करते हैं। उनके मार्गदर्शन में तीनों बहनों ने अपनी शारीरिक दक्षता को और बेहतर किया, साथ ही परीक्षा की रणनीतियों पर काम किया।
रविचंद्र यादव कहते हैं, "तीनों बहनें बेहद मेहनती थीं। सोनाली को इलाहाबाद के सिंथेटिक ट्रैक पर अभ्यास करने के लिए प्रेरित किया गया। इसके अलावा, ऑनलाइन पढ़ाई के माध्यम से भी उनकी तैयारी मजबूत हुई।"
सबसे छोटी बहन सोनाली कहती हैं, "आज उन लोगों को भी जवाब मिल गया, जो कहते थे कि बेटियां बाहर नहीं पढ़ सकतीं। अब वे भी गर्व महसूस कर रहे होंगे।"
यूपी पुलिस सिपाही भर्ती 2025 परिणाम
इस साल यूपी पुलिस सिपाही भर्ती परीक्षा की फाइनल मेरिट लिस्ट 13 मार्च को जारी हुई थी। भर्ती की लिखित परीक्षा फरवरी 2024 में हुई थी, लेकिन पेपर लीक होने के कारण परीक्षा को अगस्त 2024 में दोबारा कराया गया था। UPPRPB की ओर से आयोजित परीक्षा में 60,244 कांस्टेबल पदों के लगभग 48 लाख लोगों ने आवेदन किया था।












Click it and Unblock the Notifications