National Epilepsy Day: इन समस्याओं से गुजरते हैं 'मिर्गी' की बीमारी से पीड़ित
National Epilepsy Day: मिर्गी को हम आमतौर पर एक बीमारी मानते हैं। एक ऐसी स्थिति जिसमें बार-बार दौरे पड़ते हैं। लेकिन जिन लोगों को यह बीमारी होती है, उनके लिए यह सिर्फ 'अटैक' आने तक सीमित नहीं है। मिर्गी उनकी दिनचर्या, काम, रिश्तों और कॉनफिडेंस सबको प्रभावित करती है। 17 नवंबर को राष्ट्रीय मिर्गी दिवस के नाम पर जाना जाता है। ऐसे मौके यह समझना जरूरी है कि मिर्गी से जूझ रहे लोग कैसे अपना हर दिन संभालते हैं।

मिर्गी की सबसे कठिन बात है दौरे कब आएंगे, इसका अंदाज़ा न होना। यह अनिश्चितता रोज़मर्रा की साधारण गतिविधियों को भी चुनौती बना देती है। जैसे-नहाना, अकेले बाहर जाना, खाना बनाना या ऑफिस जाना, हर काम में यह डर छिपा होता है कि कहीं अचानक दौरा न पड़ जाए। महिलाओं के लिए इससे निपटना अक्सर थोड़ा मुश्किल हो सकता है। क्योंकि उन पर घर, काम और बच्चों की अतिरिक्त जिम्मेदारी होती है। कई बार वे अपने लक्षण छिपाती हैं ताकि उन्हें "कमज़ोर" या "अविश्वसनीय" न समझा जाए।
वहीं पुरुषों पर समाज की यह अपेक्षा रहती है कि वे हमेशा "मजबूत" दिखें। इसलिए वे थकान, दवाइयों के असर या तनाव के बारे में खुलकर बात नहीं कर पाते। इससे मानसिक दबाव बढ़ जाता है। मिर्गी सिर्फ शरीर को नहीं, मन को भी प्रभावित करती है। लोगों के बीच दौरा पड़ जाने का डर, दूसरों की नज़रें और किसी माहौल को बाधित कर देने का अपराधबोध। इन सब बातों से मानसिक तनाव होता है। कई लोग इस बीमारी को छिपाते हैं नौकरी में, रिश्तों में-क्योंकि उन्हें डर होता है कि उनकी क्षमता पर शक किया जाएगा।
आज भी मिर्गी को लेकर कई मिथक मौजूद हैं। कुछ लोग सोचते हैं कि मिर्गी वाले व्यक्ति सामान्य काम नहीं कर सकते-जो बिल्कुल गलत है। दौरा पड़ने पर लोग अक्सर घबरा जाते हैं क्योंकि उन्हें प्राथमिक उपचार नहीं पता होता। उदाहरण के लिए, किसी को ज़बरदस्ती पकड़कर सीधा करने की कोशिश हानिकारक है। सही तरीका है व्यक्ति को सुरक्षित जगह पर लेटना देना और दौरा अपने आप खत्म होने देना।
स्टेरिस हेल्थकेयर के सीईओ जीवन कसारा के अनुसार, मिर्गी से पीड़ित लोगों को हमारी समझ, सहानुभूति और समान अवसरों की जरूरत है-न कि उनकी क्षमताओं पर बेबुनियाद शंका की।
हम क्या कर सकते हैं?
- दौरे के बाद आराम या लचीले काम के घंटे
- दवाइयों के बदलाव के दौरान धैर्य
- मिर्गी के बारे में सही जानकारी
- परिवार और दोस्तों का सामान्य और सम्मानपूर्ण व्यवहार
ये छोटे-छोटे कदम मिर्गी से पीड़ित व्यक्ति के जीवन में बड़ी राहत ला सकते हैं।












Click it and Unblock the Notifications