छत्तीसगढ़ः पहले लड़की को दो लाख में खरीदा फिर जब उसने बच्चे को दिया जन्म तो छोड़ दिया
जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के जगदलपुर जिले में शादी के नाम पर लड़की की खरीद-फरोख्त और फिर लड़की ने जब बच्चे को जन्म दिया तो उसे छोड़ने का मामला सामने आया है। वहीं इस मामले में पुलिस ने जगदलपुर के नयामुंडा में रहने वाली सेफाली और मध्यप्रदेश के रायसेन के रहने वाले केशव सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। इसके अलावा इस मामले में रायपुर के गुढ़ियारी निवासी ममला अग्रवाल को भी आरोपित बनाया गया है। ममता पहले से ही ऐसे मामलों में जेल में बंद है।

कोतवाली टीआई एमन साहू ने बताया कि जगदलपुर जिले की रहने वाली लड़की ने शिकायत दर्ज करवाई थी कि कुछ वक्त पहले सेफाली, ममता और केशव उससे मिले थे। इस दौरान उन्होंने बताया कि उसकी शादी केशव से करवाई जाएगी। इन बातों के चक्कर में युवती फंस गई और अपने घरवालों को सूचना दिये ही रायपुर चली गई। यहां रायपुर में केशव और पीड़िता दोनों ही ममता के घर पर रुके। इसके बाद केशव लड़की को अपने साथ लेकर रायसेन चला गया।
केशव हमेशा लड़की से कहता रहता था कि वह उसे दो लाख रुपये में खरीदकर लाया है। इस दौरान युवती गर्भवती हो गई और एक बच्चे को जन्म दिया। बच्चे के जन्म के बाद केशव युवती को लेकर ममता के घर गया और उसे वहां छोड़कर बच्चे के साथ फरार हो गया। इसके पीड़िता जगदलपुर पहुंची और मामले की शिकायत पुलिस से की। य़ुवती की शिकायत करने के बाद एक स्पेशल टीम का गठन किया गया और सेफाली की गिरफ्तारी की गई। फिर पुलिस की एक टीम को मध्यप्रदेश के रायेसन भेजा गया और वहां से केशव को गिरफ्तार किया गया।
वहीं ममता पहले से ही जेल में बंद है। दोनों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है। इसके अलावा पुलिस ने इस मामले में दो और आरोपितों को गिरफ्तार किया है। लेकिन बच्चे की जानकारी किसी के पास नहीं है। जिन दो आरोपितों को पकड़ा गया है उनका कहना है कि बच्चा उन्होंने ममता अग्रवाल को सौंप दिया है। जबकि ममता पहले से जेल में बंद है।
बता दें कि ममता अग्रवाल को कुछ दिन पहले ही कोंडागांव में आदिवासी युवतियों को बेचे जाने के आरोपों में पुलिस ने गिरफ्तार किया था और उसे जेल भेज दिया गया था। लेकिन उसकी गिरफ्तारी के बाद उससे पूरी पूछताछ पुलिस ने नहीं की थी। लड़की को दो लाख रुपए में बेचे जाने के मामले में मास्टरमाइंड रायपुर निवासी ममता अग्रवाल को बताया जा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications