Fact Check: उधमपुर एयरबेस पर आग लगने की वायरल तस्वीर फर्जी, भारतीय वायुसेना के विमान जलने का दावा झूठा
Fact Check Udhampur Air Base: सोशल मीडिया पर इन दिनों एक तस्वीर तेजी से वायरल हो रही है, जिसमें कुछ एयरक्राफ्ट्स जलते हुए नजर आ रहे हैं। पोस्ट में दावा किया जा रहा है कि यह तस्वीर उधमपुर एयरबेस (जम्मू-कश्मीर) की है, जहां आग लगने की घटना हुई और भारतीय वायुसेना के विमान जल गए।
दरअसल, भारतीय सेना की ओर से किए 'ऑपरेशन सिंदूर' में बुरी तरह मुंह की खाने के बाद भी पाकिस्तान वाले सुधर नहीं रहे हैं। अब पाकिस्तान की ओर से सोशल मीडिया पर झूठ की मिसाइलें छोड़ी जा रही है। ताजा झूठ उधमपुर के एयरबेस के बारे में बोला जा रहा है।

यह भी पढ़ें- Fact Check: क्या POK में गिरा लड़ाकू विमान सुखोई, जिंदा पकड़ा गया IAF पायलट ? PIB ने वायरल दावे को बताया फर्जी
उधमपुर स्थित सेना का एयरबेस तबाह होने का दावा
@Abbasshabbir72 की आईडी से सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर 11 मई को तस्वीर शेयर कर दावा किया गया है कि भारत-पाकिस्तान जंग 2025 में भारत के उधमपुर स्थित सेना का एयरबेस तबाह हो गया है। तस्वीर में एयरबेस पर आग लगते व धुआं उठते दिखाया गया है। साथ ही कई विमान क्षतिग्रस्त हैं।
उधमपुर एयरबेस के दावे की सच्चाई क्या है?
भारत सरकार की आधिकारिक फैक्ट चेक एजेंसी PIB Fact Check ने इस वायरल दावे को पूरी तरह फर्जी करार दिया है। PIB का स्पष्टीकरण है कि वायरल तस्वीर में दिख रहे एयरक्राफ्ट भारतीय वायुसेना के बेड़े का हिस्सा नहीं हैं। यह तस्वीर उधमपुर एयरफोर्स स्टेशन की नहीं है। इसलिए सोशल मीडिया पर किया गया दावा झूठा और भ्रामक है।
PIB ने ट्वीट कर कहा कि यह दावा फर्जी है। तस्वीर में दिख रहे एयरक्राफ्ट भारतीय वायुसेना के नहीं हैं और न ही यह स्थान उधमपुर एयरबेस है। सतर्क रहें। केवल आधिकारिक स्रोतों पर भरोसा करें।
यह भी पढ़ें- कौन थीं किरण शेखावत, जिन्हें लोग ऑपरेशन सिंदूर में पहली ऑन ड्यूटी शहीद महिला बता रहे हैं, पिता क्या बोले?
फर्जी खबरों से सावधान रहें
यह कोई पहली बार नहीं है जब भारतीय सुरक्षा बलों से जुड़ी झूठी और मनगढ़ंत सूचनाएं सोशल मीडिया पर फैलाई जा रही हों। ऐसे फर्जी पोस्ट न सिर्फ लोगों में भ्रम पैदा करते हैं, बल्कि देश की सुरक्षा एजेंसियों की छवि को भी नुकसान पहुंचाते हैं। सरकार और रक्षा मंत्रालय ने पहले भी कई बार लोगों से अपील की है कि किसी भी संवेदनशील जानकारी को सोशल मीडिया पर बिना जांचे-परखे साझा न करें।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रही उधमपुर एयरबेस पर आगजनी की तस्वीर और उससे जुड़ा दावा पूरी तरह गलत और भ्रामक है। PIB Fact Check ने साफ कर दिया है कि यह तस्वीर न तो उधमपुर एयरफोर्स स्टेशन की है और न ही भारतीय वायुसेना के किसी विमान की।












Click it and Unblock the Notifications