पाकिस्तानी वेब सीरीज 'जो बचे हैं संग समेट लो' पर भारत में लगा बैन, Netflix को सरकार की सख्त चेतावनी
Jo Bachay Hain Sang Samait Lo: पाकिस्तानी कलाकारों से सजी वेब सीरीज 'जो बचे हैं संग समेट लो' रिलीज से पहले ही विवादों में घिर गई है। भारत सरकार ने इस पाकिस्तानी सीरीज को देश में स्ट्रीम करने पर रोक लगा दी है। एबीपी न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने नेटफ्लिक्स को सख्त निर्देश देते हुए 8 मई 2025 को जारी की गई एडवाइजरी का पालन करने को कहा है। इस निर्देश के तहत पाकिस्तान में निर्मित फिल्मों और वेब सीरीज को भारतीय दर्शकों के लिए स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध नहीं कराया जा सकता।
पाकिस्तानी सीरीज 'जो बचे हैं संग समेट लो' भारत में हुई बैन
दरअसल मंत्रालय को शिकायतें मिली थीं कि नेटफ्लिक्स अपनी इस नई पाकिस्तानी वेब सीरीज को भारत में भी रिलीज करने की तैयारी कर रहा है। इसके बाद सरकार ने प्लेटफॉर्म को जून 2025 में दिए गए उसके आश्वासन की याद दिलाई है। नेटफ्लिक्स ने उस समय भरोसा दिया था कि वह भारत में पाकिस्तान में बना कोई भी कंटेंट उपलब्ध नहीं कराएगा।

Netflix को सरकार की दो टूक, पुराने वादे का करना होगा पालन
-मीडिया रिपोर्ट के अनुसार सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने नेटफ्लिक्स से स्पष्ट कहा है कि वह जून 2025 में किए गए अपने वादे पर कायम रहे। प्लेटफॉर्म को पाकिस्तान में निर्मित किसी भी फिल्म या वेब सीरीज को भारतीय दर्शकों के लिए उपलब्ध नहीं कराना चाहिए।
-सरकार की ओर से ये कदम उस समय उठाया गया है, जब 'जो बचे हैं संग समेट लो' की ग्लोबल रिलीज को लेकर चर्चाएं तेज थीं। सीरीज को लेकर भारत में पहले से ही विरोध देखने को मिल रहा था। ऑल इंडियन सिने वर्कर्स एसोसिएशन (AICWA) ने भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर इस सीरीज पर भारत में प्रतिबंध लगाने की मांग की थी।
4 दिसंबर 2026 को दुनियाभर में होगी रिलीज, भारत में नहीं होगी स्ट्रीमिंग
-'जो बचे हैं संग समेट लो' नेटफ्लिक्स की पहली ओरिजनल पाकिस्तानी वेब सीरीज बताई जा रही है। इसे 4 दिसंबर 2026 से दुनियाभर में स्ट्रीम किया जाना है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक ये सीरीज दुनिया के 191 देशों में उपलब्ध होगी लेकिन भारत में दर्शक इसे नहीं देख पाएंगे।
-इस सीरीज को लेकर लंबे समय से चर्चा चल रही थी। इसके ट्रेलर के रिलीज होने के बाद भी इसे लेकर दर्शकों में उत्सुकता बढ़ी थी। खास बात ये है कि सीरीज का ट्रेलर फिलहाल भारत में देखा जा सकता है लेकिन इसका मतलब ये नहीं है कि पूरी सीरीज भी यहां स्ट्रीम होगी।
दो हिस्सों में आएगी सीरीज, दिखाई जाएंगी 6 प्रेम कहानियां
'जो बचे हैं संग समेट लो' को दो पार्ट में रिलीज करने की योजना है। इसके पहले हिस्से में 5 एपिसोड होंगे जबकि पूरी सीरीज में कुल 13 एपिसोड होने की उम्मीद है। इसकी कहानी तीन पीढ़ियों के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसमें 6 अलग-अलग प्रेम कहानियां दिखाई जाएंगी। रोमांस, रिश्तों और भावनाओं से जुड़ी इस कहानी को बड़े स्तर पर तैयार किया गया है। यही वजह है कि रिलीज से पहले ही ये पाकिस्तानी एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री के चर्चित प्रोजेक्ट्स में शामिल हो गई है।
फवाद खान और माहिरा खान समेत कई बड़े सितारे आएंगे नजर
इस वेब सीरीज की स्टार कास्ट भी काफी बड़ी है। इसमें फवाद खान, माहिरा खान, इकरा अजीज, अहमद रजा मीर, हानिया आमिर, सनम सईद और हमजा अली अब्बासी जैसे लोकप्रिय पाकिस्तानी कलाकार नजर आएंगे। इसके अलावा माया अली, बिलाल अशरफ, नादिया जमील और समीना अहमद सहित कई अन्य कलाकार भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे। इस बड़ी स्टार कास्ट की वजह से भी सीरीज को लेकर दर्शकों के बीच काफी उत्साह था।
सीरीज बनाने में लगे 8 साल, 200 दिनों तक हुई शूटिंग
इस प्रोजेक्ट को तैयार करने में मेकर्स को काफी लंबा समय लगा है। जानकारी के मुताबिक 'जो बचे हैं संग समेट लो' को बनाने में करीब आठ साल का वक्त लगा और इसकी शूटिंग लगभग 200 दिनों तक चली। हालांकि लंबे इंतजार और बड़ी स्टार कास्ट के बावजूद भारतीय दर्शक इस सीरीज को नेटफ्लिक्स पर नहीं देख पाएंगे। भारत सरकार के निर्देश और नेटफ्लिक्स को दिए गए आदेश के बाद अब इसकी भारतीय स्ट्रीमिंग पर रोक लग गई है।


Click it and Unblock the Notifications
