Fact Check:कोलकाता पुलिस ने कांवडियों पर किया लाठीचार्ज? जानें वायरल वीडियो का सच
नई दिल्ली, 14 जुलाई: सोशल मीडिया पर एक वीडियो इस दावे के साथ सर्कुलेट हो रहा है कि कोलकाता में पुलिसकर्मियों ने कांवड़ यात्रा के दौरान कांवड़ियों के साथ मारपीट की है। वीडियो में दिख रहा है कि, कोलकाता पुलिस के कुछ पुलिसकर्मी एक मंदिर के सामने युवकों पर लाठीचार्ज कर रहे हैं। इसके अतिरिक्त, महिलाओं को पुलिस से माफी मांगते हुए देखा जा सकता है। वायरल हो रहे इस वीडियो को सोशल मीडिया के कई अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर शेयर किया गया है।

इस वीडियो को ट्विटर पर @9_tshakti के यूजर्स ने ट्वीट करते हुए लिखा कि, उधर #बंगाल में कांवड़ यात्रियों का ये हाल कर रखा है ममता की पुलिस ने, ये वीडियो नेट पर मिला है, जिसे देखते ही मूड खराब हो गया, इसे देखकर लगता है कि हिन्दुओं की बहुत दुर्दशा हो रही है बंगाल में ! वन इंडिया की फैक्ट चेक टीम ने वायरल हो रहे वीडियो की पड़ताल की है। हमारी जांच में ये वीडियो फर्जी पाया गया है। गलत दावे के साथ ये वायरल किया जा रहा है।
जांच के दौरान पता चला है कि, ये वीडियो 2021 का है। 2021 में कोलकाता के भूतनाथ मंदिर में कोविड -19 प्रोटोकॉल का उल्लंघन करने पर पुलिसकर्मियों ने लाठीचार्ज किया था। वीडियो के कीफ्रेम की रिवर्स सर्च करने पर हमें ट्विटर पर यही वीडियो मिला, जिसे भारतीय जनता पार्टी बंगाल के आधिकारिक ट्विटर अकाउंट से 16 अगस्त, 2021 को शेयर किया गया था। ट्वीट के अनुसार, वीडियो कोलकाता के भूतनाथ मंदिर का था।
फिर हमने इस घटना से जुड़ी ऑनलाइन खबरों को भी सर्च किया। हमें कई समाचार पत्रों में इस खबर से जुड़ी व्यापक जानकारी मिली। दैनिक भास्कर ने बताया कि कोविड -19 की दूसरी लहर के बीच लगाए गए प्रतिबंधों में ढील दिए जाने के बाद कोलकाता में कई मंदिरों को अगस्त 2021 में फिर से खोल दिया गया था। लेकिन भूतनाथ मंदिर जनता के लिए नहीं खुला था। हालांकि, सावन के पवित्र महीने के दौरान कई शिव भक्त भूतनाथ मंदिर के सामने जमा हो गए और प्रतिबंध का उल्लंघन किया।
जिसके बाद में पुलिस ने इस भीड़ को नियंत्रित करने के लिए लाठीचार्ज किया। कथित तौर पर, 2021 में पश्चिम बंगाल सरकार ने कोविड -19 प्रतिबंधों को 31 अगस्त तक बढ़ा दिया। उस साल कांवड़ यात्रा 14 जुलाई से शुरू होने वाली थी। जिसके बाद भी लोग शिव मंदिर के एकत्र हुए थे। इससे साफ होता है कि, वीडियो को गलत दावों के साथ वायरल किया जा रहा है।

Fact Check
दावा
वीडियो इस दावे के साथ सर्कुलेट हो रहा है कि कोलकाता में पुलिसकर्मियों ने कांवड़ यात्रा के दौरान कांवड़ियों के साथ मारपीट की है।
नतीजा
जांच के दौरान पता चला है कि, ये वीडियो 2021 का है। 2021 में कोलकाता के भूतनाथ मंदिर में कोविड -19 प्रोटोकॉल का उल्लंघन करने पर पुलिसकर्मियों ने लाठीचार्ज किया था।












Click it and Unblock the Notifications