UP Home Guard भर्ती परीक्षा का रिजल्ट जारी, 41,424 पदों का स्कोरकार्ड यहां से करें डाउनलोड
UP Home Guard Result 2026 Out: उत्तर प्रदेश में होमगार्ड भर्ती का इंतजार कर रहे लाखों अभ्यर्थियों के लिए बड़ी अपडेट सामने आई है। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड (UPPRPB) ने होमगार्ड भर्ती 2026 की लिखित परीक्षा का परिणाम घोषित कर दिया है। परीक्षा में शामिल उम्मीदवार अब आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपना स्कोरकार्ड देख और डाउनलोड कर सकते हैं।
इस भर्ती अभियान के तहत राज्यभर में होमगार्ड के 41,424 खाली पदों को भरा जाएगा। भर्ती के लिए इस बार रिकॉर्ड संख्या में आवेदन आए थे। करीब 19 लाख उम्मीदवारों ने परीक्षा दी थी, जिसके बाद सभी की नजरें रिजल्ट पर टिकी हुई थीं। अब परिणाम जारी होने के साथ ही सफल उम्मीदवारों के लिए भर्ती प्रक्रिया का अगला चरण भी जल्द शुरू होगा।

ऐसे चेक करें UP Home Guard Result 2026
अगर आपने भी होमगार्ड भर्ती परीक्षा दी है, तो नीचे दिए गए आसान स्टेप्स की मदद से अपना रिजल्ट देख सकते हैं।
- सबसे पहले UPPRPB की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं।
- होमपेज पर दिए गए "UP Police Home Guard Result 2026" लिंक पर क्लिक करें।
- अब खुलने वाले पेज पर अपना रजिस्ट्रेशन नंबर, रोल नंबर और जन्मतिथि दर्ज करें।
- सभी जानकारी भरने के बाद Submit बटन पर क्लिक करें।
- स्क्रीन पर आपका स्कोरकार्ड दिखाई देगा। इसे डाउनलोड करें और भविष्य के लिए प्रिंट निकालकर सुरक्षित रख लें।
ये भी पढ़ें: कब आएगा CBSE 10वीं सेकेंड बोर्ड का रिजल्ट? वेबसाइट स्लो होने पर मार्कशीट चेक करने के लिए अपनाएं ये तरीका
अप्रैल में हुई थी लिखित परीक्षा
होमगार्ड भर्ती परीक्षा का आयोजन 25, 26 और 27 अप्रैल 2026 को उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जिलों में बनाए गए परीक्षा केंद्रों पर किया गया था। परीक्षा समाप्त होने के कुछ दिन बाद 7 मई 2026 को प्रोविजनल आंसर की जारी की गई। बोर्ड ने उम्मीदवारों को 10 मई तक आपत्तियां दर्ज कराने का समय भी दिया था।
आपत्तियों की जांच और उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब अंतिम परिणाम जारी कर दिया गया है। इसके साथ ही लिखित परीक्षा का चरण पूरा हो गया है।
स्कोरकार्ड में जरूर देखें ये जानकारी
रिजल्ट डाउनलोड करने के बाद उम्मीदवार अपने स्कोरकार्ड में दर्ज सभी जानकारियों की जांच जरूर करें।
- उम्मीदवार का नाम और रजिस्ट्रेशन नंबर
- कुल प्राप्त अंक और विषयवार अंक
- लिखित परीक्षा में सफल या असफल होने की स्थिति
- श्रेणीवार कटऑफ अंक (जनरल, ओबीसी, एससी और एसटी)
अगर किसी तरह की गलती दिखाई देती है, तो उम्मीदवार बोर्ड से संपर्क कर सकते हैं।
अब होंगे भर्ती के अगले चरण
लिखित परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों को अब कई अन्य चरणों से गुजरना होगा। सबसे पहले डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन कराया जाएगा, जिसमें शैक्षणिक प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र और अन्य जरूरी दस्तावेजों की जांच होगी। यह प्रक्रिया प्रदेश के सभी 75 जिलों में पूरी की जाएगी।
इसके बाद शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET) आयोजित होगी। पुरुष उम्मीदवारों को 28 मिनट में 4.8 किलोमीटर की दौड़ पूरी करनी होगी, जबकि महिला उम्मीदवारों के लिए 16 मिनट में 2.4 किलोमीटर दौड़ना जरूरी होगा।
मेडिकल टेस्ट के बाद होगा अंतिम चयन
PET के बाद शारीरिक मानक परीक्षण (PST) होगा। इसमें लंबाई, पुरुष उम्मीदवारों के सीने की माप और महिला उम्मीदवारों के वजन की जांच की जाएगी। अंतिम चरण में मेडिकल परीक्षण होगा। सभी जांच में सफल रहने वाले उम्मीदवारों का ही चयन किया जाएगा। चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति से पहले उत्तर प्रदेश पुलिस के ट्रेनिंग सेंटरों में 90 दिनों की बुनियादी ट्रेनिंग दी जाएगी।
ये भी पढ़ें: '68268 सरकारी नौकरियां देकर पंजाब ने रचा इतिहास', CM मान ने 665 युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपे












Click it and Unblock the Notifications