CM पद से इस्तीफा ना देने की जिद पर अड़ी ममता बनर्जी, क्या सुप्रीम कोर्ट लेकर जाएंगी बंगाल चुनाव परिणाम
पश्चिम बंगाल में भाजपा को प्रचंड बहुमत के बावजूद तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) प्रमुख ममता बनर्जी मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा नहीं देने की जिद पर अड़ी हैं। चुनाव में करारी हार के बाद ममता बनर्जी ने पार्टी के नवनिर्वाचित विधायकों से बुधवार शाम कोलकाता में सीएम आवास पर मुलाकात की।
इस बैठक ने ममता बनर्जी ने फिर दोहराया कि वो मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा नहीं देंगी और विधानसभा के भीतर विरोध दर्ज कराएंगी। सूत्रों के मुताबिक, बनर्जी ने कहा, "मैं इस्तीफा नहीं दूंगी। उन्हें मुझे बर्खास्त करने दीजिए। अगर केंद्र सरकार चाहे तो राष्ट्रपति शासन लागू करे।"

ममता बनर्जी ने अपने इस कदम को एक प्रकार का 'विरोध' बताया। टीएमसी नेता अभिषेक बनर्जी ने भी इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि यह उनका असंतोष जताने का तरीका है, क्योंकि उनका मानना है कि चुनाव परिणाम के जरिए उनका जनादेश जबरन छीन लिया गया है।
विधानसभा का पहला दिन TMC ब्लैक डे के रूप में मनाएगी
बनर्जी ने अपने विधायकों को विधानसभा के पहले दिन काले कपड़े पहनने को कहा, जिसे वे "ब्लैक डे" के रूप में मनाना चाहती हैं। उन्होंने पार्टी में एकता का संदेश देते हुए कहा, "हमें मजबूत रहना होगा। जिन लोगों ने हमें धोखा दिया है, उन्हें पार्टी से बाहर किया जाएगा। मैं अब आजाद पंछी हूं।" उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि दिल्ली उनका मुख्य लक्ष्य है और पूरा इंडिया ब्लॉक मिलकर लड़ाई लड़ेगा।
बंगाल की लड़ाई क्या सुप्रीम कोर्ट लेकर जाएंगी ममता बनर्जी?
बनर्जी ने भाजपा पर चुनाव में धांधली का आरोप दोहराते हुए कहा कि वे इस मुद्दे को लेकर सुप्रीम कोर्ट का रुख कर सकती हैं। उन्होंने आरोप लगाया भाजपा ने चुनाव आयोग का इस्तेमाल कर जीत हासिल की है।" चुनाव "राष्ट्र की शक्ति" से प्रभावित थे। उन्होंने कहा, हम लड़ेंगे, टीएमसी विधानसभा के भीतर और बाहर दोनों जगह अपनी राजनीतिक लड़ाई जारी रखेगी।
ममता बनर्जी बोलीं- हम हारे नहीं हैं, भाजपा ने ये जीत चुरा ली है
ममता बनर्जी ने आरोप लगाया कि एसआईआर से 90 लाख वोटर्स के नाम हटा दिए गए थे, जबकि अदालत के हस्तक्षेप के बाद 32 लाख नाम पुनः जोड़े गए। उन्होंने बड़े पैमाने पर हेरफेर का आरोप लगाया, जिसमें फॉर्म 17C और ईवीएम डेटा में विसंगतियां शामिल थीं, और दावा किया कि मशीनों ने असामान्य रूप से उच्च बैटरी प्रतिशत दिखाया। ममता ने जोर देकर कहा, "अगर भाजपा ने निष्पक्ष चुनाव जीतकर जीत हासिल की होती, तो मुझे कोई शिकायत नहीं होती, लेकिन हम हारे नहीं हैं। भाजपा ने ये जीत चुरा ली है।"
बंगाल के नए मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण के दिन तृणमूल पार्टी कार्यालय में रबिंद्र संगीत बजाया जाएगा। उन्होंने सभी विजयी उम्मीदवारों को अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्रों में रहने और किसी भी हिंसा की स्थिति से निपटने के निर्देश भी दिए।












Click it and Unblock the Notifications