Assam में किसके इंतजार में रुकी नई सरकार की एंट्री? हिमंत बिस्वा सरमा ने बताया कब होगा शपथ ग्रहण समारोह
Assam Election Results 2026: असम में विधानसभा चुनाव के शानदार नतीजों के बाद अब नई सरकार के गठन की प्रक्रिया तेज हो गई है। मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है, जिसके बाद राज्य में नई कैबिनेट के शपथ ग्रहण को लेकर सियासी सरगर्मी बढ़ गई है। आइए जानते हैं राज्य में अब आगे क्या प्रक्रिया होने वाली है?
बुधवार को असम की राजनीति में एक बड़ा घटनाक्रम हुआ। मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने गुवाहाटी स्थित लोक भवन में राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य को अपना त्यागपत्र सौंप दिया। यह कदम भाजपा और उसके सहयोगियों द्वारा राज्य में लगातार तीसरी बार मिली ऐतिहासिक जीत के दो दिन बाद उठाया गया है।

राज्यपाल ने उनका इस्तीफा स्वीकार करते हुए उनसे नई सरकार के गठन तक कार्यवाहक मुख्यमंत्री के रूप में जिम्मेदारी संभालने का आग्रह किया है।
11 मई को नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह
मीडिया से बातचीत के दौरान 57 वर्षीय सरमा ने स्पष्ट किया कि नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह 11 मई के बाद होने की संभावना है। उन्होंने बताया कि इस भव्य आयोजन के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया है और उनकी उपलब्धता के आधार पर ही अंतिम तिथि तय की जाएगी।
Guwahati | Caretaker CM of Assam, Himanta Biswa Sarma, says, "There is an indication that oath-taking will be post May 11 because we have invited the Prime Minister to kindly grace the swearing-in ceremony of our government this time." https://t.co/DKxGJCtO8T
— ANI (@ANI) May 6, 2026
अगला मुख्यमंत्री कौन? सस्पेंस बरकरार
भले ही हिमंत बिस्वा सरमा के नेतृत्व में भाजपा ने अपना अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया है, लेकिन पार्टी ने अभी तक आधिकारिक तौर पर यह घोषणा नहीं की है कि अगला मुख्यमंत्री कौन होगा। भाजपा के केंद्रीय पर्यवेक्षक और राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा जल्द ही विधायक दल की बैठक की तारीख तय करेंगे। इसी बैठक में नेता का चुनाव होगा, जो राज्य की कमान संभालेगा।
हाईकमान के फैसले पर टिकी नजर
राजनीतिक गलियारों में अटकलें इसलिए भी हैं क्योंकि 2021 की जीत के बाद पार्टी ने सर्बानंद सोनोवाल की जगह हिमंत बिस्वा सरमा को मुख्यमंत्री बनाया था। हालांकि, पार्टी सूत्रों का मानना है कि सरमा को ही दूसरी बार मौका मिल सकता है, लेकिन अंतिम फैसला हाईकमान ही करेगा।
चुनावी नतीजों का गणित: विपक्ष का सूपड़ा साफ
असम चुनाव 2026 के नतीजों ने सत्ताधारी गठबंधन को प्रचंड बहुमत दिया है:
- भाजपा गठबंधन: कुल 126 सीटों में से 102 सीटों पर कब्जा कर ऐतिहासिक जीत दर्ज की।
- भाजपा की ताकत: अकेले भाजपा ने 82 सीटें जीती हैं, जो 2021 की तुलना में 22 सीटें अधिक हैं।
- सहयोगी दल: असम गण परिषद (AGP) और बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट (BPF) ने 10-10 सीटों पर जीत हासिल की।
- विपक्ष की स्थिति: कांग्रेस अपने सबसे खराब दौर से गुजर रही है, उसे महज 19 सीटें मिली हैं, जबकि उसकी सहयोगी पार्टी 'राइजोर दल' को 2 सीटें मिली हैं।
संवैधानिक प्रक्रिया और आगे का रास्ता
बुधवार को ही मुख्य निर्वाचन अधिकारी अनुराग गोयल ने चुनाव आयोग के प्रतिनिधियों के साथ राज्यपाल को नवनिर्वाचित विधायकों की सूची सौंपी। इस अधिसूचना के साथ ही नई विधानसभा के गठन की औपचारिक प्रक्रिया पूरी हो गई है। अब पूरा प्रदेश दिल्ली से आने वाले संदेश और विधायक दल की बैठक का इंतजार कर रहा है, जिसके बाद असम की नई सरकार का स्वरूप पूरी तरह साफ हो जाएगा।














Click it and Unblock the Notifications