Assam Election Results 2026: 'मैं लेता हूं पूरी जिम्मेदारी', असम चुनाव में हार पर बोले गौरव गोगोई
Assam Election Results 2026: असम विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 82 सीटें जीतकर एकतरफा बहुमत हासिल कर लिया है, जो जीत के जरूरी आंकड़े से 13 सीटें ज्यादा है। इसके मुकाबले कांग्रेस को सिर्फ 19 सीटों पर संतोष करना पड़ा। इस बड़ी हार के बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गौरव गोगोई ने सामने आकर पार्टी की स्थिति साफ की है।
उन्होंने हार स्वीकार करते हुए कहा कि वे इस चुनावी नतीजे की पूरी जिम्मेदारी लेते हैं। गोगोई ने हार के कारणों पर चर्चा करने और आने वाले समय में जनता के बीच रहकर काम करने का भरोसा दिलाया है।

Gaurav Gogoi Statement: हार की पूरी जिम्मेदारी और नेतृत्व
गौरव गोगोई ने साफ तौर पर कहा कि पार्टी का मुखिया होने के नाते वे इस हार की पूरी नैतिक जिम्मेदारी लेते हैं। उन्होंने खुद को टीम का 'कैप्टन' बताते हुए कहा कि जब नतीजा उम्मीद के मुताबिक नहीं आता, तो उसकी जिम्मेदारी भी लीडर की ही होती है। गोगोई ने किसी भी दूसरे बहाने के बजाय सीधे तौर पर स्वीकार किया कि पार्टी इस बार चुनाव जीतने में सफल नहीं हो पाई और वे इस जवाबदेही से पीछे नहीं हटेंगे।
ये भी पढ़ें: असम का जनादेश: सांस्कृतिक पुनर्जागरण, विकास और वैचारिक राजनीति की निर्णायक जीत
नतीजों पर हैरानी और समीक्षा की तैयारी
गोगोई ने माना कि चुनाव के नतीजे उनकी सोच से काफी अलग रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को उम्मीद थी कि कई सीटों पर कड़ा मुकाबला (neck to neck) होगा, लेकिन नतीजे इसके उलट आए जो हैरान करने वाले हैं। उन्होंने बताया कि शनिवार (9 मई) को पार्टी के सभी नए चुने गए विधायकों की एक मीटिंग बुलाई गई है। इस बैठक में हार की बारीकियों पर चर्चा की जाएगी और यह समझने की कोशिश होगी कि आखिर चूक कहाँ हुई।
केंद्रीय नेताओं और कार्यकर्ताओं का शुक्रिया
पार्टी की हार के बावजूद गोगोई ने मल्लिकार्जुन खड़गे, सोनिया गांधी और राहुल गांधी जैसे बड़े नेताओं का समर्थन के लिए आभार जताया। उन्होंने खास तौर पर जमीनी कार्यकर्ताओं की हिम्मत बढ़ाई। गोगोई ने कहा कि कई मुश्किलों के बाद भी कार्यकर्ता मैदान में डटे रहे, जो पार्टी के लिए एक नई शुरुआत जैसा है। उन्होंने उन सभी लोगों का धन्यवाद किया जिन्होंने कांग्रेस के पक्ष में वोट किया और समर्थन दिया।
ये भी पढे़ं: Himanta Biswa Sarma: कब होगा हिमंता बिस्वा का शपथ ग्रहण समारोह? बीजेपी ने नड्डा को बनाया पर्यवेक्षक
जनता के बीच रहने का अगला लक्ष्य
भविष्य की योजना पर बात करते हुए गोगोई ने कहा कि वे जनता के फैसले का सम्मान करते हैं। उन्होंने संकल्प लिया कि कांग्रेस अब उन लोगों तक भी जाएगी जिन्होंने उन्हें वोट नहीं दिया, ताकि उनकी राय समझी जा सके। गोगोई ने स्पष्ट किया कि चाहे वे सत्ता में न हों, लेकिन विधानसभा के अंदर और बाहर असम के विकास के लिए आवाज उठाते रहेंगे। उनका कहना है कि पार्टी हमेशा असम के आम लोगों के साथ खड़ी रहेगी।












Click it and Unblock the Notifications