Aaj Ka Mausam: UP-MP समेत 9 राज्यों में आंधी-पानी की आशंका, उत्तराखंड में बर्फबारी का अलर्ट, क्या कहा IMD ने?
Aaj Ka Mausam: देश के कई राज्यों में पश्चिमी विक्षोभ के कारण भारी बारिश हो रही है, जिसके कारण लोगों को गर्मी से राहत मिली हुई है, 8 मई को भी 9 प्रांतों में आंधी-पानी की आशंका है, जिसके कारण मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है, आईएमडी ने जिन राज्यों के लिए अलर्ट जारी किया है उनके नाम हैं उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश , राजस्थान, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, पश्चिम बंगाल और सिक्किम।

दिल्ली में कैसा रहेगा मौसम?
दिल्ली-एनसीआर में 8 से 12 मई तक भीषण गर्मी के आसार हैं और 2-3 दिनों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस का आंकड़ा पार कर सकता है। आज यहां पर अधिकतम तापमान 37°C और न्यूनततम तापमान 23°C रहने के आसार है, हालांकि दिन में हल्की हवाएं चलेंगी जिससे लोगों को गर्मी की चुभन से फौरी राहत मिलेगी लेकिन बारिश की संभावना शून्य है।
राजस्थान में बढ़ेगा पारा, लू भी चलेगी
राजस्थान में 8 से 10 मई तक धूल भरी आंधी का अनुमान है। आने वाले दिनों में तापमान में बढ़ोतरी हो सकती है, हालांकि अगले दो दिनों में आंधी-बारिश की गतिविधियां घटने की संभावना है। राज्य के उत्तर-पूर्वी हिस्सों में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और कुछ स्थानों पर हल्की बारिश भी दर्ज की जा सकती है।
एमपी के 11 जिलों में रेन अलर्ट
मध्य प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मौसम बदला हुआ है, जिससे कई जिलों में बारिश और तेज हवाएं चल रही हैं। मौसम विभाग ने ग्वालियर, मुरैना, भिंड, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना, रीवा और मऊगंज सहित 11 जिलों के लिए आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है।
यूपी में आंधी-तूफान का अलर्ट जारी
उत्तर प्रदेश में 8-9 मई के लिए आंधी-तूफान का अलर्ट जारी हुआ है। तराई क्षेत्र और आसपास के पूर्वी जिलों में गरज के साथ छिटपुट बारिश संभव है। राज्यभर में बिजली चमकने और 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की तेज़ हवाएं चलने की संभावना है। हालांकि, 8 मई के बाद राज्य में मौसम के शुष्क होने की उम्मीद है।
बिहार में Orange अलर्ट घोषित
बिहार के 15 जिलों में 8-9 मई के लिए आंधी और बारिश का Orange अलर्ट घोषित किया गया है। बेमौसम बारिश के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी। किशनगंज, सुपौल, अररिया और खगड़िया समेत कई जिलों में अगले 48 घंटों में बादल छाकर रुक-रुककर बारिश होगी। मौसम विभाग ने 8 मई के बाद ही मौसम साफ होने की उम्मीद जताई है।
उत्तराखंड में बारिश और बर्फबारी का अलर्ट
उत्तराखंड में 8 से 10 मई के दौरान बारिश के साथ बर्फबारी का अनुमान है, जिससे देहरादून समेत पूरे राज्य का मौसम प्रभावित होगा। नैनीताल, चमोली, रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी और पिथौरागढ़ जैसे पहाड़ी जिलों में खराब मौसम की अधिक आशंका है। उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में बारिश और बर्फबारी का अलर्ट है।
हिमाचल में भारी बारिश की संभावना
हिमाचल प्रदेश में 8 से 12 मई तक भारी बारिश की संभावना है। 10 मई से एक नया पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित करेगा। प्रदेश के कई इलाकों में 11 और 12 मई को गरज के साथ बूंदाबांदी, बिजली चमकने और 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है, जिसके लिए 'येलो अलर्ट' जारी किया गया है।
तमिलनाडु-कर्नाटक में होगी बारिश
तमिलनाडु में बारिश का दौर जारी है, आज भी नीलगिरी, इरोड, कोयंबटूर, तिरुपुर और डिंडीगुल सहित कुल 11 जिलों के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी है। तो वहीं कर्नाटक के बेंगलुरु, , चिक्कामगलुरु, बेलगावी , चिकबलपुर, दक्षिणा कन्नड़, विजयपुरा में भारी बारिश की आशंका बनी हुई है।














Click it and Unblock the Notifications