दिल्ली में वर्ल्ड क्लास एस्ट्रो-टर्फ मैदान का उद्घाटन, मनीष सिसोदिया बोले- भावी हॉकी खिलाड़ियों को मिलेगी मदद
नई दिल्ली: दिल्ली के उप मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी नेता मनीष सिसोदिया ने शुक्रवार को दिल्ली में आर्टिफिशियल हॉकी मैदान का उद्घाटन किया। राजधानी के विवेक विहार स्थित विवेकानंद कॉलेज में नए हॉकी मैदान का उद्घाटन के बाद सिसोदिया ने कहा कि हॉकी के खिलाड़ी और प्रशिक्षण लेने वाले छात्र अब दिन के साथ-साथ रात में भी अभ्यास कर सकेंगे।

मनीष सिसोदिया ने ट्वीट कर उद्घाटन समारोह की तस्वीरें साझा की और लिखा कि विधानसभा अध्यक्ष राम निवास गोयल जी के साथ विवेकानंद कॉलेज में अरविंद केजरीवाल सरकार के वर्ल्ड क्लास एस्ट्रो-टर्फ हॉकी ग्राउंड का उद्घाटन किया। इस विश्वस्तरीय एस्ट्रो-टर्फ फील्ड के माध्यम से हमारे भावी हॉकी खिलाड़ियो को आगे बढ़कर देश के लिए शानदार प्रदर्शन करने में मदद मिलेगी।
बता दें कि इस एस्ट्रो टर्फ में चार हाई-मास्ट फ्लड लाइटें लगी हैं, जिससे की रात में भी खिलाड़ी अभ्यास कर सकेंगे। साछ ही छह स्वचालित वाटर स्प्रिंकलर भी लगाए गए हैं। आधुनिक वर्षा जल संचयन प्रणाली के अलावा मैदान के लिए एक अलग जल निकासी व्यवस्था की गई है। टर्फ के नीचे 1.5 लाख लीटर की क्षमता वाला पानी का भंडारण टैंक बनाया गया है।
मनीष सिसोदिया ने कहा कि दिल्ली सरकार ने हॉकी को बढ़ावा देने के लिए चार मैदान बनाए हैं, ताकि युवाओं के बीच राष्ट्रीय खेल को लोकप्रिय बनाने में मदद मिले। उन्होंने कहा कि पिछले आठ वर्षों में दिल्ली सरकार ने बेहतरीन खेल बुनियादी ढांचे को विकसित करने के लिए अथक प्रयास किया है ताकि हमारे नवोदित खिलाड़ी वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धा करके देश का नाम रोशन कर सकें।












Click it and Unblock the Notifications