Veer Savarkar Row: अनिल विज बोले- राहुल गांधी 10 दिन सेलुलर जेल की सेल में रहकर दिखाएं
हरियाणा के गृह, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री अनिल विज ने वीर सावरकर पर टिप्पणी करने के लिए कांग्रेस सांसद राहुल गांधी पर तंज कसा है। अनिल विज ने कहा कि अंडमान-निकोबार की सेलूलर जेल में वीर सावरकर दस साल तक रहे। उस जेल में राहुल गांधी दस दिन भी रहकर दिखा दें, फिर वे वीर सावरकर पर कोई टिप्पणी करें।

महाराष्ट्र में राहुल गांधी ने अपनी भारत जोड़ो यात्रा के दौरान कहा था कि सावरकर ने अंग्रेजों की मदद की थी और जेल में रहने के दौरान उन्होंने माफीनामे पर हस्ताक्षर कर महात्मा गांधी और भारतीय नेताओं को धोखा दिया था। राहुल गांधी ने कहा था कि सावरकर को अंडमान में दो-तीन साल की जेल हुई थी, जिसके बाद उन्होंने दया याचिकाएं लिखनी शुरू कर दी थी तथा सावरकर ने अंग्रेजों की हर तरह से मदद की।
राहुल गांधी ने कहा था कि सावरकर ने अंग्रेजों को लिखे एक पत्र में कहा था कि सर, मैं आपके सबसे आज्ञाकारी सेवक बने रहने की याचना करता हूं। सावरकर ने पत्र पर हस्ताक्षर किए।
इसके जवाब में हरियाणा के गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने कहा कि वीर सावरकर जैसा देशभक्त युगों-युगों में पैदा होता है। उस सेलूलर जेल में एक आदमी सारी जिंदगी दूसरे आदमी की शक्ल नहीं देख सकता था।
विज ने सवाल खड़ा करते हुए कहा कि अंग्रेजी हुकूमत ने उनको (वीर सावरकर) 50 साल का कारावास दिया। अगर वे (वीर सावरकर) अंग्रेजी हुकूमत से मिले हुए थे तो क्या अंग्रेजी हुकूमत उन्हें कारावास देती, इसलिए राहुल गांधी को सोच समझकर टिप्पणियां करनी चाहिएं। यदि राहुल गांधी कुछ दिन भी सेलूलर जेल में रहकर दिखा दें तो हम समझ लेंगे कि उनमें यातनाएं सहन करने का माद्दा है।












Click it and Unblock the Notifications