आगरा में इतने करोड़ रुपए में कान्हा गौशाला बनवाएगी यूपी सरकार, पहली किस्त जारी
आगरा शहर में सड़कों पर घूम रही बेसहारा गायों के लिए नई गौशाला बनाई जाएगी। नगर निगम ने कान्हा गौशाला का प्रस्ताव शासन को भेजा था, जिसे मंजूरी मिल गई है। नरायच या शाहदरा में मौजूदा गौशाला के पास खाली पड़ी 5 बीघे जमीन पर नई गौशाला प्रस्तावित है, जिसमें एक हजार गायों को रखा जा सकेगा। सरकार ने 3.31 करोड़ रुपये की योजना के लिए पहली किस्त के रूप में 1.65 करोड़ रुपये जारी कर दिए हैं।

शहर की सड़कों पर 18 हजार से ज्यादा गायें घूम रही हैं। नगर निगम की नरायच गौशाला की क्षमता 1200 गायों को रखने की है, लेकिन इसमें 2200 से अधिक गायें रखी गई हैं। राज्य सरकार ने कान्हा गौशाला एवं निराश्रित पशु आश्रय योजना के तहत शहरी निकायों में नई गौशालाओं के निर्माण को हरी झंडी दे दी है। प्रदेश सरकार के संयुक्त सचिव कल्याण बनर्जी की ओर से जारी पत्र के मुताबिक आगरा नगर निगम को एक हजार पशुओं को रखने के लिए गौशाला बनाने की मंजूरी दी गई है।
इसमें चारा गोदाम, एक हजार गायों के लिए शेड, पशु चिकित्सालय, भूसा शेड, कर्मचारियों के लिए आवास, चरही, नाली निर्माण कार्य, सबमर्सिबल पंप, बायोगैस प्लांट और चारों तरफ बाउंड्री जैसी व्यवस्था करनी होगी।
नगर निगम के पशु चिकित्साधिकारी डॉ. अजय कुमार सिंह ने बताया कि नई गौशाला के प्रस्ताव को मंजूरी देकर पहली किस्त जारी कर दी गई है। नरायच में मौजूदा गौशाला के पास की जमीन या शाहदरा में खाली जमीन पर निर्माण प्रस्तावित है। जल्द ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications