झारखंड के तीन स्कूलों को मिला 'राष्ट्रीय स्वच्छ विद्यालय पुरस्कार'
Rashtriya Swachh Vidyalaya Puraskar 2022 केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय द्वारा शनिवार को झारखंड के तीन स्कूलों को स्वच्छ विद्यालय राष्ट्रीय पुरस्कार दिया गया। दिल्ली में आयोजित एक कार्यक्रम में केंद्रीय शिक्षा राज्य मंत्री सुभाष सरकार ने विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों को यह पुरस्कार प्रदान किया। जिन विद्यालयों को यह पुरस्कार मिला, उनमें पश्चिमी सिंहभूम के कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय, नोवामुंडी, रांची के कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय, सोनाहातू तथा पूर्वी सिंहभूम के टाटा वर्कर्स यूनियन हाई स्कूल, कदमा शामिल हैं।

देशभर में कुल 39, झारखंड में 3 विद्यालयों को मिला ये पुरस्कार
इन सभी स्कूलों को ओवरआल श्रेणी में पुरस्कार मिले हैं। देशभर के कुल 39 स्कूलों को स्वच्छ विद्यालय पुरस्कार मिला जिनमें तीन झारखंड के हैं। प्रत्येक स्कूलों को पुरस्कार के रुप में 60 हजार रुपये प्राप्त हुए हैं। बता दें कि इस पुरस्कार के लिए राज्य सरकार ने 26 स्कूलों की अनुशंसा भेजी थी, जिनमें तीन स्कूलों का चयन हुआ था।
केंद्रीय शिक्षा राज्य मंत्री राजकुमार रंजन सिंह भी हैं उपस्थित
बता दें कि स्वच्छ विद्यालय राष्ट्रीय पुरस्कार वितरण के लिए दिल्ली में कार्यक्रम आयोजित किया गया है। इस अवसर पर केंद्रीय शिक्षा राज्य मंत्री राजकुमार रंजन सिंह भी उपस्थित हैं।
8.23 लाख स्कूलों का आनलाइन निबंधन, 39 स्कूलों को मिला पुरस्कार
केंद्रीय शिक्षा राज्य मंत्री सुभाष सरकार के अनुसार, देशभर के 8.23 लाख स्कूलों ने इस पुरस्कार के लिए आनलाइन निबंधन कराया था, जिनमें 39 स्कूलों का चयन अंतिम रूप से हुआ। इनमें 34 स्कूलों का चयन ओवरआल तथा पांच का चयन सब कैटेगरी में इस पुरस्कार के लिए हुए।












Click it and Unblock the Notifications