मध्य प्रदेश में कोई रिश्वत मांगे तो मुझे बताएं, मैं जल्द नंबर जारी करूंगा-सीएम चौहान
नर्मदापुरम, 5 अप्रैल। मध्य प्रदेश में किसी भी नागरिक से अगर कोई व्यक्ति रिश्वत मांगे तो मुझे बताएं। इसके लिए मैं जल्द ही नंबर जारी करूंगा। ऐसे भ्रष्टाचारियों को मैं नेस्तनाबूत कर दूंगा।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रिश्वतखोरों को यह चेतावनी सोमवार को राष्ट्रकवि पंडित माखनलाल चतुर्वेदी के जन्मदिवस पर उनकी जन्मस्थली बाबई (अब माखननगर) में आयोजित गौरव दिवस समारोह को संबोधित करते हुए दी।
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि अब पीएम आवास की किस्त आई है, लेकिन कई जगह शिकायत मिलती है कि इसके लिए दस-पांच हजार रुपये मांगे जाते हैं।
उन्होंने प्रदेशवासियों से कहा-संकल्प लें कि रिश्वत मांगने वालों को कोई भी पैसा नहीं देगा। दलाली करने वाले, गलत तरीके से धन अर्जन करने वाले मुट्ठी भर लोग बदनाम करते रहे हैं।
गुंडे-बदमाशों को ऐसे तोड़ूंगा कि जीने लायक नहीं रहेंगेः मुख्यमंत्री ने कहा कि मप्र में गरीब का खून पीने वालों, बेटियों की तरफ बुरी नजर से देखने वालों पर बुलडोजर चल रहा है।
इन गुंडे-बदमाशों को केवल जेल भेजना पर्याप्त नहीं है। ये जेल से जमानत पर बाहर आ जाते हैं। मैं इन्हें ऐसा तोड़ूंगा कि जीने के लायक नहीं बचेंगे। हम गुंडे-बदमाशों की आर्थिक कमर तोड़ देंगे, वे घर-घाट के ही नहीं रहेंगे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री चौहान ने शराबबंदी को लेकर कहा कि नर्मदा सेवा यात्रा में हमने नर्मदा किनारे संकल्प कराकर शराब की दुकानें बंद की, लेकिन पीने वाले तो जुगाड़ लगा ही लेते हैं, जहां बंद करो वहां भी शराब आ जाती है।
इसलिए मप्र में नशा मुक्ति अभियान चलाने का फैसला किया है। इस अभियान के तहत लोगों से शराब छोड़ने की अपील करेंगे। गांवों को शराब के अलावा दूसरे नशे से भी नशामुक्त करने की कोशिश करेंगे।












Click it and Unblock the Notifications