तेलंगाना: वित्त मंत्री टी हरीश राव का कांग्रेस पर पलटवार, कहा- आरोप लगाने से पहले जांच लें तथ्य
कांग्रेस पार्टी के चुनावी वादों की तीखी आलोचना करते हुए, वित्त मंत्री टी हरीश राव ने उसकी गारंटी की विश्वसनीयता पर सवाल उठाए। उन्होंने कांग्रेस पर इतिहास को गलत तरीके से पेश करने का आरोप लगाया। उन्होंने कांग्रेस नेतृत्व को राज्य-विशिष्ट घोषणापत्र को चुनने के बजाय देश भर में अपने तेलंगाना-विशिष्ट वादों को लागू करने की चुनौती दी।
रविवार को हैदराबाद में बीआरएस नेता राव ने कहा कि कांग्रेस कर्नाटक में अपने वादों को पूरा करने में विफल रही है, जिसके परिणामस्वरूप किसानों और उद्योगपतियों को समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने सवाल किया कि क्या कांग्रेस बीआरएस सरकार की रायथु बंधु, रायथु बीमा और दलित बंधु जैसी सफल योजनाओं को राष्ट्रीय स्तर पर दोहरा सकती है।

हरीश राव ने कांग्रेस पार्टी के खराब चुनावी प्रदर्शन का जिक्र करते हुए कहा कि पार्टी ऐसे अव्यवहारिक वादों के लिए 2014 में केवल 44 एमपी सीटें और 2019 के आम चुनावों में 52 सीटें हासिल कर पाई। वहीं राहुल गांधी ने बीजेपी और बीआरएस की मिलीभगत का आरोप लगाया था। जिस पर उन्होंने उन्हें तथ्यों की जांच करने की सलाह दी।
उन्होंने ये भी याद दिलाया कि बीआरएस ने राष्ट्रपति या उपराष्ट्रपति चुनाव में भाजपा का समर्थन नहीं किया था और विपक्षी उम्मीदवार यशवंत सिन्हा को वोट दिया था।
मंत्री ने यह भी बताया कि प्रवर्तन निदेशालय और सीबीआई जैसी केंद्रीय एजेंसियां बीआरएस नेताओं को गलत तरीके से निशाना बना रही हैं और उन्हें परेशान कर रही हैं। उन्होंने सवाल किया कि कांग्रेस के खिलाफ नेशनल हेराल्ड मामले को क्यों रोका गया और तेलंगाना में कांग्रेस नेताओं के खिलाफ छापे क्यों नहीं मारे गए।












Click it and Unblock the Notifications