सत्ता में आने के बाद सभी लंबित परियोजनाओं को पूरा करेगी टीडीपी: नारा लोकेश
नारा लोकेश ने आगे कहा 'वाल्मीकि बोया समुदाय द्वारा झेली जा रही समस्याओं के बारे में हमें पूरी समझ है। मैं टीडीपी की सत्ता में वापसी के लिए आपका समर्थन मांगता हूं।

टीडीपी के राष्ट्रीय महासचिव नारा लोकेश ने गुरुवार को कहा कि मुख्यमंत्री वाईएस जगन मोहन रेड्डी की दिलचस्पी विकास से ज्यादा राज्य को लूटने में है। दरअसल गुरुवार को युवा गालम पदयात्रा के दौरान चिन्ना तिप्पासमुद्रम और कोथावरिपल्ली के किसानों ने पुलवंदलापल्ली कैंपसाइट में नारा लोकेश से मुलाकात की और उनसे शिकायत की, कि सिंचाई के लिए पानी ना मिलने के कारण उन्हें कई समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। किसानों ने कहा कि अगर चिन्ना तिप्पासमुद्रम तालाब को हंडरी-नीवा परियोजना से जोड़ दिया जाए तो उन्हें सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी मिलेगा, जिससे उनकी सभी समस्याएं दूर हो जाएंगी।
किसानों ने नारा लोकेश से बताया कि ये तालाब 500 एकड़ में फैला हुआ है, जो 1,000 एकड़ से अधिक पानी की आपूर्ति कर सकता है। अगर तालाब को हंडरी-नीवा से जोड़ दिया जाए तो वे एक साल में दो फसलें उगा सकते हैं और इससे उनकी सारी परेशानियां दूर हो जाएंगी। किसानों ने नारा लोकेश से अपील की, कि टीडीपी के फिर से सत्ता में आने पर इसपर काम शुरू किया जाए।
किसानों की मांग पर जवाब देते हुए नारा लोकेश ने कहा, 'जगन मोहन रेड्डी केवल राज्य को लूटकर पैसा बनाने में रुचि रखते हैं। हांडरी-नीवा के 80 प्रतिशत कार्य एन चंद्रबाबू नायडू सरकार के दौरान पूरे किए गए थे और जगन ने शेष 20 प्रतिशत कार्यों को पूरा करने की जहमत नहीं उठाई। इससे साफ पता चलता है कि उन्हें किसानों के कल्याण में कोई दिलचस्पी नहीं है। जब हम सरकार में वापस आएंगे, जो कि ज्यादा दूर नहीं है, हांडरी-नीवा परियोजना सहित सभी लंबित परियोजनाएं पूरी की जाएंगी। साथ ही, चिन्ना तिप्पासमुद्रम के तालाब को भी हंडरी नीवा से जोड़ा जाएगा।'
नारा लोकेश ने आगे कहा, 'वाल्मीकि बोया समुदाय द्वारा झेली जा रही समस्याओं के बारे में हमें पूरी समझ है। मैं टीडीपी की सत्ता में वापसी के लिए आपका समर्थन मांगता हूं। टीडीपी ने वाल्मीकि समुदाय को राजनीतिक रूप से प्रोत्साहित किया और पार्टी और सरकार दोनों में कई पद प्रदान किए। जब टीडीपी फिर से सरकार बनाएगी, तो आगे भी उनके साथ न्याय किया जाएगा।'












Click it and Unblock the Notifications