टीडीपी ने लगाया आरोप, 'सीएम जगन मोहन के राजनीतिक लाभ के लिए हो रहा इन्वेस्टर्स समिट'
टीडीपी ने फैक्टशीट में कहा, 'जगन मोहन रेड्डी के सत्ता में आने के तुरंत बाद, मायलावरम सौर संयंत्रों पर हमला किया गया और 'किआ प्रबंधन' को ब्लैकमेल किया गया। इसके अलावा अमारा राजा बैटरी को बंद करने की साजिश भी रची गई।

आंध्र प्रदेश में विपक्षी दल टीडीपी का मानना है कि विशाखापत्तनम में आयोजित होने वाला ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट राज्य के हित में नहीं, बल्कि केवल राजनीतिक लाभ के लिए है। गुरुवार को जारी एक फैक्टशीट में टीडीपी ने कहा कि पिछले चार सालों से कई उद्योगपतियों को परेशान किया गया है और अब इन्वेस्टर्स समिट का आयोजन केवल लोगों को गुमराह करना है।
फैक्टशीट में कहा गया कि मुख्यमंत्री वाईएस जगन मोहन रेड्डी सरकार द्वारा अपनाई गई विनाशकारी नीतियों और नफरत की राजनीति की वजह से एक भी उद्योगपति ने पिछले चार वर्षों में राज्य में एक भी इकाई स्थापित करने में रुचि नहीं दिखाई है। कडप्पा स्टील प्लांट के लिए दो बार शिलान्यास किए जाने की ओर इशारा करते हुए टीडीपी ने फैक्ट-शीट में बताया कि इस प्लांट का काम आगे ही नहीं बढ़ा।
टीडीपी ने फैक्टशीट में कहा, 'जगन मोहन रेड्डी के सत्ता में आने के तुरंत बाद, मायलावरम सौर संयंत्रों पर हमला किया गया और 'किआ प्रबंधन' को ब्लैकमेल किया गया। इसके अलावा अमारा राजा बैटरी को बंद करने की साजिश भी रची गई। बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार से डरकर, जॉकी इकाई अनंतपुर जिले के रपथडू से पड़ोसी राज्य में चली गई, जबकि रिलायंस इलेक्ट्रॉनिक उद्योग तिरुपति से दूसरे राज्य में स्थानांतरित हो गया। फ्रैंकलिन टेम्पलटन, डेटा सेंटर, लुलु और टाइटन विद्युत वाहन इकाई ने विशाखापत्तनम छोड़ दिया।'
फैक्टशीट में आरोप लगाया गया, 'वाईएसआरसी शासन के दौरान कंपनियों के लिए पावर हॉलीडे घोषित किए गए, जबकि बिजली शुल्क में भी भारी वृद्धि की गई है। 850 करोड़ रुपये की औद्योगिक सब्सिडी का भुगतान नहीं किया गया है और राज्य सरकार औद्योगीकरण को प्रोत्साहित करने में बुरी तरह विफल रही है।'












Click it and Unblock the Notifications