Ghaziabad: 'असद के बाप ने कहा उसे खत्म कर दो', मारा गया सूर्या का कातिल, मां बोली-'पहले फोटो दिखाओ'
Ghaziabad Encounter: गाजियाबाद के खोड़ा में सूर्या चौहान हत्याकांड के मुख्य आरोपी असद को उत्तर प्रदेश पुलिस ने एक मुठभेड़ में मार गिराया है। बकरीद के दिन हुई सूर्या चौहान की नृशंस हत्या ने पूरे इलाके में दहशत फैल गई थी, जिसके बाद से पुलिस पर आरोपी को पकड़ने का भारी दबाव था। इस एनकाउंटर से पहले असद लगातार फरार चल रहा था।
असद के एनकाउंटर की खबर पर सूर्या चौहान की मां सरोज ने अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, 'मैंने सिर्फ एक व्यक्ति के एनकाउंटर के बारे में सुना है। लेकिन मैं असद की तस्वीर देखना चाहती हूं। तस्वीर देखने के बाद ही मुझे तसल्ली मिलेगी। बाकी लोगों का भी ऐसा ही एनकाउंटर होना चाहिए। सात लोगों ने मिलकर मेरे बेटे को मारा था, उन सभी लोगों का एनकाउंटर होना चाहिए। साथ ही सभी लोगों के घरों पर बुलडोजर चलाया जाना चाहिए।'

तो वहीं इस मामले में अब खोड़ा पुलिस स्टेशन की टीम ने चौधरी चरण सिंह गेट के पास से नवाब (आरोपी असद के पिता), फरहान और आतिफ को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में फरहान ने जो बताया है वो बहुत ही हैरत अंगेज है।
'असद के बाप ने कहा खत्म कर दो',आरोपी फरहान का खुलासा
आरोपी फरहान ने बताया कि' 28.05.26 को दोपहर 3 बजे (15:00 बजे), बाइक चलाने को लेकर असद का सूर्यप्रताप से झगड़ा हो गया था। असद ने इस बारे में अपने पिता नवाब और हमें बताया। इसके बाद हमने उसे सबक सिखाने की योजना बनाई और करीब 3:30 बजे (15:30 बजे), नवनीत विहार, गली नंबर 4 में सूर्यप्रताप को घेर लिया। मैंने असद को चाकू दिया और असद के पिता ने उसे कहा कि 'अब इस मामले को खत्म कर दो।' फिर असद ने सूर्यप्रताप के पेट में चाकू घोंप दिया। जब सूर्यप्रताप खून से लथपथ होकर नीचे गिर पड़ा, तो हम सभी को लगा कि उसकी मौत हो गई है और हम वहां से चले गए।
बकरीद के पर्व पर सूर्या चौहान की हुई थी हत्या
आपको बता दें कि गाजियाबाद के थाना खोड़ा क्षेत्र स्थित नवनीत विहार में बकरीद के पर्व पर सूर्या चौहान की चाकूओं से गोदकर हत्या कर दी गई थी। इस बर्बर वारदात के बाद क्षेत्र में भारी आक्रोश देखने को मिला था। पुलिस ने मामले में पहले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया था, लेकिन मुख्य आरोपी असद लगातार पुलिस की पहुंच से दूर था, जिसकी तलाश में लगातार छापेमारी और चेकिंग अभियान चलाए जा रहे थे।
असद ने पुलिस टीम पर फायरिंग की थी
पुलिस सूत्रों के अनुसार, खोड़ा और इंदिरापुरम पुलिस की संयुक्त टीम को सूचना मिली थी कि असद इलाके में आने वाला है। सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी की। बताया जा रहा है कि खुद को घिरा देख असद ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में वह घायल हो गया, जिसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

आठ महीने पहले असद और सूर्या में हुआ था विवाद
जांच में सामने आया कि असद और सूर्या कभी अच्छे दोस्त हुआ करते थे। दोनों एक ही इलाके में रहते थे और अक्सर साथ दिखाई देते थे। हालांकि करीब आठ महीने पहले किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था। यह विवाद बाद में मारपीट तक पहुंच गया था। स्थानीय लोगों ने उस समय दोनों पक्षों को शांत करा दिया था, लेकिन इसके बाद उनके रिश्तों में कड़वाहट बढ़ती चली गई। असद का परिवार पहले सूर्या के घर के पास ही रहता था, लेकिन करीब छह महीने पहले उन्होंने अपना घर बेचकर दूसरी गली में शिफ्ट कर लिया था। इसके बावजूद असद का इलाके में आना-जाना बना हुआ था।
17 वर्षीय सू्र्या पर चाकू से हमला
लेकिन बकरीद के दिन 17 वर्षीय सू्र्या प्रताप चौहान को असद ने फोन करके अपने पास बुलाया था, जहां पर पहले से उसके साथ तीन लड़के मौजूद थे। सू्र्या प्रताप चौहान 11वीं का छात्र था और वो जैसे ही असद के पास पहुंचा, उसने उस पर चाकू से हमला कर दिया। सू्र्या चौहान को गंभीर हालत में नोएडा के फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उसकी मौत हो गई। इसके बाद पूरे मोहल्लें में आक्रोश का माहौल था और असद फरार था , जो कि आज एनकाउंटर में मारा गया।














Click it and Unblock the Notifications