सुखबीर बादल ने BJP के साथ हाथ मिलाने से किया इनकार, कहा- अकाली दल का BSP के साथ है मजबूत गठबंधन'
चंडीगढ़। पंजाब में विधानसभा चुनाव साल 2022 में होने वाले हैं। इस बीच केंद्र सरकार द्वारा कृषि कानूनों की वापसी के बाद फिर से भारतीय जनता पार्टी और शिरोमणि अकाली दल के बीच गठबंधन के कयास लगाए जा रहे हैं। हालांकि इन अटकलों को अकाली दल के प्रमुख सुखबीर सिंह बादल (Sukhbir Singh Badal) ने खारिज कर दिया है। सुखबीर बादल ने मंगलवार को कहा कि उनकी पार्टी का बहुजन समाज पार्टी (BSP) के साथ एक स्थिर गठबंधन है और वह अपने पिछले सहयोगी बीजेपी से हाथ नहीं मिलाएगी।

चब्बेवाल में मीडिया से बात करते हुए सुखबीर सिंह बादल ने कहा कि शिरोमणि अकाली दल का भविष्य बसपा के साथ है। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा, 'हमारा बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के साथ पक्का गठबंधन है।' उन्होंने कहा कि शिअद अपने पुराने साथी बीजेपी से हाथ नहीं मिलाएगी। बता दें कि कृषि कानूनों का समर्थन करते हुए शिरोमणि अकाली दल ने पिछले साल राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) से खुद को अलग कर लिया था, जिससे बीजेपी और शिअद के बीच ऐतिहासिक गठबंधन टूट गया था।
अमरिंदर सिंह और केजरीवाल पर बादल का हमला
इस दौरान पंजाब चुनाव से पहले दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल द्वारा समाज के सभी वर्गों के प्रति किए गए वादों के बारे में पूछे जाने पर सुखबीर बादल ने कहा कि आप नेता को शुरुआत दिल्ली से करनी चाहिए। उन्होंने कहा, 'पहले केजरीवाल को उन शिक्षकों को स्थायी नौकरी देनी चाहिए, जो वहां अनुबंध पर हैं। फिर वो पंजाब में स्थायी नौकरी की गारंटी दें। झूठी गारंटी देकर केजरीवाल राज्य के लोगों को बेवकूफ नहीं बना सकते। केजरीवाल को पहले पंजाब में अपने राज्य में किए गए वादों को लागू करके अपनी ईमानदारी साबित करनी चाहिए, अन्यथा पंजाबियों को उन पर विश्वास नहीं होगा।'












Click it and Unblock the Notifications