पंजाबभर में बढ़ाई गई सुरक्षा-व्यवस्था, CM मान के आदेश- सारे षड्यंत्रों को बेनकाब करे पुलिस
Punjab News in Hindi: कोटकपुरा में बरगाड़ी बेअदबी के आरोपी डेरा प्रेमी की हत्या के बाद पंजाब सरकार एक्शन में आ गई है। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के आदेशों के बाद पंजाब भर में सुरक्षा-व्यवस्था को बढ़ा दिया गया है और कानून को अपने हाथ में लेने वाले शरारती तत्वों के खिलाफ और सख्ती पंजाब पुलिस ने शुरू कर दी है।

मुख्यमंत्री के नजदीकी सूत्रों ने बताया कि पिछले 15 दिनों के अंदर राज्य में अमन-शांति को भंग करने की कोशिशें शरारती तत्वों द्वारा की गई हैं। इन घटनाओं के बाद विदेशों में बैठे गैंगस्टरों ने इनकी जिम्मेदारियां लीं जिसके बाद पंजाब सरकार व राज्य पुलिस किसी भी प्रकार का जोखिम उठाना नहीं चाहती है।
मुख्यमंत्री ने राज्य पुलिस के आलाधिकारियों को कहा कि वे संवेदनशील स्थानों पर पंजाब पुलिस के जवानों की गिनती बढ़ा दें। इसे देखते हुए पंजाब पुलिस ने त्वरित कदम उठाते हुए सीमाओं से लगते क्षेत्रों के अलावा संवेदनशील संस्थाओं के आसपास सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा बना दिया है।अति विशिष्ट व्यक्तियों की सुरक्षा को भी कड़ा कर दिया गया है। मुख्यमंत्री ने पंजाब पुलिस से कहा कि वह पिछले 15 दिनों में घटित घटनाओं की गहराई में जाकर सारे षड्यंत्रों को बेनकाब करे।
कल सी.एम. भगवंत मान द्वारा डी.जी.पी. सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ उच्च स्तरीय मीटिंग की गई। डी.जी.पी.(स्पेशल) संजीव कालरा ने बताया कि इस मीटिंग में कोटकपुरा में हुई घटना को लेकर चर्चा की गई। इस घटना की पूरी जानकारी सी.एम. मान को दी गई। 'डी.जी.पी. ने कहा की सी.एम. मान ने हर हाल में राज्य में अमन-शांति बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। मामले की गहराई से जांच की जा रही है और अगले सप्ताह फिर सी.एम. मान द्वारा इस मामले पर चर्चा की जाएगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने इस केस को जल्द से जल्द ट्रेस करने के आदेश जारी किए गए हैं। इसके साथ ही पुलिस को और अलर्ट होने व नाकावंदी करने के निर्देश दिए गए हैं।












Click it and Unblock the Notifications