स्कूल बसों को एंबुलेंस की तरह मिले रास्ता, हेमंत सरकार जल्द लेगी फैसला
रांची, 23 अप्रैल: गर्मी बेतहाशा बढ़ रही है। ऐसे में स्कूल बसों को एंबुलेंस की तरह रास्ता मिले, ताकि छोटे बच्चों को जल्द घर पहुंचने में सुविधा हो। इस संबंध में जल्द ही सरकार निर्णय लेगी। आम लोगों को भी इस विषय पर विचार कर स्कूल बसों को रास्ता देने का प्रयास करना चाहिए। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने रांची में संत जेवियर स्कूल की स्थापना के 62 वर्ष पूरे होने पर डायमंड जुबली कार्यक्रम में यह बातें कहीं।

अपने संबोधन के दौरान सीएम हेमंत सोरेन ने कहा कि शिक्षा को लेकर मेरी चिंता बनी रहती है। राज्य की जिम्मेवारी हमारे ऊपर है। झारखंड के लिए शिक्षा बहुत ही महत्वपूर्ण विषयों में एक है। राज्य अगर शिक्षा के क्षेत्र में कहीं विशेष जगह बनाता है तो इसमें ऐसी संस्थाओं का बहुत बड़ा योगदान है। हमलोगों ने दो वर्ष तक कठिन दौर को देखा है। दो वर्ष की कमी को पूरा करने का प्रयास करेंगे।
सीएम हेमंत सोरेन ने कहा कि झारखंड में शिक्षा क्षेत्र में जो कुछ भी बेहतर दिख रहा है उसमें मिशनरियों की महती भूमिका है। मेरे बच्चे भी इसी स्कूल में पढ़ते हैं। ऐसे में आज इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के साथ-साथ अभिभावक की भूमिका में भी खुद को पाता हूं। संत जेवियर स्कूल का मैनेजमेंट और शिक्षा व्यवस्था से विशेष लगाव है। बीआइटी जैसे बेहतरीन संस्थान में उन्हें पढ़ने का मौका मिला, लेकिन यहां का इंफ्रास्ट्रक्चर और भी उत्तम है। 60 वर्ष से ऊपर के सफर में कई उतार-चढ़ाव भी स्कूल ने देखे हैं। आज भी उसी उत्साह, ताकत और क्षमता के साथ स्कूल दिशा तय कर रहा है। फादर अजीत खेस की भूमिका सिर्फ कैंपस के आसपास नहीं बल्कि उनकी दूरदर्शिता कई मायनों में खास है। स्कूल का प्रयास सदैव आगे बढऩे का रहा है। संस्थान इसी तरह शिक्षा के क्षेत्र में उपलब्धि हासिल करते रहे, यही कामना है।
सीएम के दोनों पुत्र यहीं पढ़ते
सीएम हेमंत सोरेन के दोनों बेटे संत जेवियर स्कूल में ही पढ़ाई कर रहे हैं। बड़ा बेटा आठवीं क्लास में जबकि छोटा बेटा तीसरी क्लास में पढ़ता है। कार्यक्रम के दौरान सीएम के साथ उनके छोटे बेटे साथ थे। संत जेवियर स्कूल के डायमंड जुबली ब्लाक का मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने उद्घाटन भी किया। इस अवसर पर खूंटी के बिशप विनय कंडुलना, फादर अजीत खेस सहित स्कूल के प्राचार्य, शिक्षक व कई अभिभावक मौजूद थे।












Click it and Unblock the Notifications