टीडीपी नेता नारा लोकेश की मुख्यमंत्री से मांग, पेट्रोल-डीजल पर वैट घटाकर जनता को दीजिए राहत
विजयवाड़ा, मई 23। केंद्र सरकार के द्वारा पेट्रोल-डीजल पर एक्साइज ड्यूटी घटाए जाने के बाद राज्य स्तर पर वैट में कटौती की मांग हर राज्य में हो रही है। टीडीपी महासचिव नारा लोकेश ने भी ने मुख्यमंत्री वाईएस जगन मोहन रेड्डी से पेट्रोल और डीजल पर राज्य स्तर के करों को कम करने का आग्रह किया है ताकि लोगों को कुछ राहत मिल सके। उन्होंने कहा है कि केंद्र के फैसले के बाद लोगों को थोड़ी राहत जरूर मिली है, लेकिन अगर राज्य सरकार भी वैट में कटौती करती है तो और राहत मिलेगी।

नारा लोकेश ने मुख्यमंत्री को लिखे एक पत्र में कहा है कि पूरे देश में पेट्रोल पर सबसे अधिक वैट आंध्र प्रदेश सरकार ही ले रही है। बता दें कि आंध्र प्रदेश में पेट्रोल पर 31 फीसदी वैट लगता है। इसके अलावा 4 रुपये प्रति लीटर अतिरिक्त वैट और 1 रुपये रोड सेस के रूप में वसूला जा रहा है। 'वाईएसआरसी शासन के तहत राज्य में देश की सबसे अधिक पेट्रोल और डीजल दरों के साथ लोगों को खुलेआम लूटा जा रहा है। जबकि अन्य सभी राज्य लोगों को कुछ राहत देने की कोशिश कर रहे हैं, जगन मोहन रेड्डी सरकार लोगों की समस्याओं के प्रति उदासीन है।
टीडीपी एमएलसी ने बताया कि केंद्र ने पेट्रोल पर उत्पाद शुल्क में 8 रुपये और डीजल पर 6 रुपये प्रति लीटर की कमी की है। नतीजतन, पेट्रोल और डीजल की कीमतों में 9.50 रुपये और 7 रुपये प्रति लीटर की कमी आई है। केरल सरकार ने भी पेट्रोल पर 2.41 रुपये और डीजल पर 1.36 रुपये के राज्य करों में कमी की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि राजस्थान सरकार ने पेट्रोल पर 2.48 रुपये और डीजल पर 1.16 रुपये की कटौती की है। लोकेश ने मांग की कि आंध्र प्रदेश सरकार लोगों को राहत देने के लिए ईंधन पर अतिरिक्त वैट और सड़क उपकर को कम करे।












Click it and Unblock the Notifications