पंजाब: राजस्व और आबकारी में हुई जबरदस्त बढ़ोतरी, भगवंत मान सरकार के मंत्री ने दी जानकारी
वित्त, योजना, आबकारी और कराधान मंत्री एडवोकेट हरपाल सिंह चीमा ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2023-24 के पहले 4 महीनों में राज्य ने वस्तु और सेवा कर (जी.एस.टी.) तथा आबकारी से प्राप्त राजस्व में क्रमवार 16.5 प्रतिशत और 20.87 प्रतिशत की बढ़ौतरी दर्ज की है।
वित्त मंत्री चीमा ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2022-23 के पहले 4 महीनों में राज्य को जी.एस.टी. से 5846.31 करोड़ रुपए, आबकारी से 2772.08 करोड़ रुपए, वैट से 2286.32 करोड़ रुपए, सी.एस.टी. से 80.84 करोड़ रुपए और पी.एस.डी.टी. से 51.62 करोड़ रुपए का राजस्व एकत्रित हुआ था। बीते वित्तीय वर्ष में जुलाई महीने के अंत तक इन मदों में कुल 11037.17 करोड़ रुपए प्राप्त हुए थे।

वित्त मंत्री ने कहा कि आबकारी और कराधान विभाग ने अपनी कारगुजारी में लगातार सुधार करते हुए इस वित्तीय वर्ष में जुलाई महीने के अंत तक जी.एस.टी. से 6810.76 करोड़ रुपए, आबकारी से 3033.78 करोड़ रुपए, वैट से 2348.55 करोड़ रुपए, सी.एस.टी. से 76.91 करोड़ रुपए और पी.एस.डी.टी. से 52.71 करोड़ रुपए का राजस्व प्राप्त किया है। अब तक उपरोक्त मदों में कुल 12,322.71 करोड़ प्राप्त हुए हैं जो वित्तीय वर्ष 2022-23 की इसी अवधि की तुलना में 11.65 प्रतिशत अधिक है।
टैक्स इंटैलीजैंस यूनिट (टी.आई.यू.) और अन्य तकनीकी और प्रशासनिक सुधारों के स्वरूप जी.एस.टी. में लगातार हो रही वृद्धि का उल्लेख करते हुए वित्त मंत्री चीमा ने बताया कि जहां जी.एस.टी. में मौजूदा वित्तीय वर्ष में अब तक कुल 16.5 प्रतिशत की बढ़ौतरी दर्ज की गई है, वहीं बीते वर्ष के मुकाबले इस वर्ष जुलाई महीने में जी.एस.टी. से प्राप्त राजस्व में 36.07 प्रतिशत की बढ़ौतरी दर्ज की गई।












Click it and Unblock the Notifications