पंजाब में 500 करोड़ रुपए के निवेश की तैयारी में बड़ा बिजनेस ग्रुप
पंजाब में 11 से 13 सितंबर तक होने वाले पहले पंजाब टूरिज्म समिट एवं ट्रेवल मार्ट की जहां मेजबानी मोहाली कर रहा है, वहीं, नामी वंडरला ग्रुप ने मोहाली में ही प्रोजेक्ट स्थापित करने में दिलचस्पी दिखाई है।
ग्रुप इलाके में 500 करोड़ रुपये निवेश करने की तैयारी में है। वह इलाके में थीम पार्क व वाटर स्पोर्ट्स प्रोजेक्ट स्थापित करना चाहता है। इसके अलावा क्लब महिंद्रा भी उचित जगह की तलाश में है।

उम्मीद है कि आने वाले दिनों में यह प्रोजेक्ट सिरे चढ़ जाएगा। पर्यटन मंत्री अनमोल गगन मान ने बताया कि सरकार निवेशक फ्रेंडली है। अच्छी नीतियां बनाई गईं हैं। उन्हें इस प्रोजेक्ट में कामयाबी मिलेगी।
राज्य सरकार पठानकोट, होशियारपुर, रोपड़ और मोहाली को इको टूरिज्म व वाटर स्पोर्ट्स व एंडवेंचर स्पोर्ट्स के रूप में विकसित कर रही है। इस इलाके को उचित तरीके से बसाने के लिए जमीन की निशानदेही कर दी गई है।
इन सभी इलाकों से सरकार को काफी अधिक उम्मीदें हैं, क्योंकि मोहाली ट्राइसिटी का हिस्सा है और इंटरनेशनल एयरपोर्ट शहर में स्थापित है। ऐसे में सैलानी आसानी से आ-जा सकते हैं। इसके अलावा होशियारपुर और पठानकोट में आवाजाही आसान है।
रेलवे का बढि़या विस्तार है, एयरपोर्ट भी नजदीक है। संचार के अन्य साधन भी हैं। वहीं, पड़ोसी राज्य भी इनके साथ लगते है। यहां निवेश करने से काफी फायदा होगा। याद रहे कि वंडरला ग्रुप काफी प्रसिद्ध है। दक्षिणी भारत में इनके कई प्रोजेक्ट स्थापित हैं। इस प्रोजेक्ट के आने से राज्य के कई लोगों के लिए रोजगार के अवसर पैदा होंगे।
सचिव पहुंचीं मोहाली, तैयारियों का लिया जायजा
पहले टूरिज्म समिट और ट्रेवल मार्ट की तैयारियों का जायजा लेने शनिवार को पर्यटन और सांस्कृतिक मामलों के विभाग की प्रमुख सचिव राखी गुप्ता भंडारी मोहाली पहुंचीं। एमिटी यूनिवर्सिटी में तैयारियों का जायजा लेने के बाद उन्होंने सिविल और पुलिस अधिकारियों से मीटिंग की।
उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से राज्य के पर्यटन को विश्व के नक्शे पर लाने के मकसद से यह समिट करवाया जा रहा है और हमारी सबकी जिम्मेदारी है कि यह प्रोग्राम सफलतापूर्वक पूरा हो।
उन्होंने कहा कि राज्य में पर्यटन की अथाह संभावनाएं हैं। कुदरत ने हमें खूबसूरत नदियां, पहाड़ और मैदान दिए हैं, जो हर एक को अपनी ओर आकर्षित करता है। उन्होंने कहा कि पंजाब में धार्मिक पर्यटन फला-फूला है, अब हमारा लक्ष्य पंजाब की कुदरती सुंदरता वाले स्थानों को लोगों के सामने पेश करने का है।












Click it and Unblock the Notifications