हरसिमरत कौर बादल बोली- आप और कांग्रेस एक जैसे, पंजाब से हो जाएगा सफाया
चंडीगढ़, 13 नवंबर: शिरोमणि अकाली दल सासंद और पूर्व केंद्रीय मंत्री हरसिमरत बादल शनिवार को सचखंड श्री हरमंदिर साहिब पहुंची। उन्होंने गुरु साहिब के चरणों में नतमस्तक होकर वाहेगुरु का शुकराना किया। इस मौके हरसिमरत बादल ने आम आदमी पार्टी और कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। हरसिमरत ने कहा कि आम आदमी पार्टी कांग्रेस की बी टीम है और दोनों मिल कर काम कर रहे हैं। वर्ष 2017 में आम आदमी पार्टी ने कहा था कि वह 100 सीट आएगी लेकिन 20 सीट ही जीत सकी। अब उसके 10 विधायक पार्टी छोड़कर चले गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राजनीति दिल्ली के सीएम केजरीवाल का धंधा है और पंजाब से आम आदमी पार्टी का सफाया हो जाएगा।

हरसिमरत बादल ने कहा कि मुख्यमंत्री चरणजीत चन्नी ने जिस दिन शपथ ली थी, उसी दिन कैप्टन की तस्वीरें सब जगह से उतार दी गईं। सीएम चन्नी सिर्फ प्रचार के मुख्यमंत्री रह गए हैं, जमीनी हकीकत कुछ और ही है। मुख्यमंत्री चरणजीत चन्नी केवल प्रचार ही कर रहे हैं। उनके दावों की जमीनी स्तर पर खोखले हैं। हरसिमरत पार्टी की चढ़दी कलांस के लिए अरदास और भोग के पाठ में शामिल होने पहुंची थी। अकाली दल की ओर से यह कार्यक्रम दरबार साहिब में हर महीने करवाया जाता है।
अकाली दल में हरसिमरत काफी सक्रिय
साल 2022 के विधानसभा चुनाव से पहले पंजाब में अकाली दल सबसे अधिक सरगर्म है। दल ने अब तक करीब 70 विधानसभा सीटों पर अपने प्रत्याशी भी घोषित कर दिए हैं। कृषि कानूनों के मुद्दे पर भाजपा से गठबंधन तोड़ने वाले अकाली दल ने इस बार बहुजन समाज पार्टी के साथ गठबंधन किया है। समझौते के तहत बसपा को 20 सीटें दी गई हैं। दूसरी ओर लगातार विधायकों के पार्टी छोड़ने से परेशान दिख रही आम आदमी पार्टी ने एक दिन पहले ही 10 प्रत्याशियों के नाम की घोषणा की है।












Click it and Unblock the Notifications