पंजाब में अब बुजुर्गों को मिलेगा अपना घर, मान सरकार ने उठाया ये कदम
चंडीगढ़। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली सरकार बुजुर्गों की भलाई के लिए लगातार यत्नशील है। इसी कड़ी के अंतर्गत पंजाब के बठिंडा, फतेहगढ़ साहिब, जालंधर, कपूरथला, पटियाला, तरनतारन, गुरदासपुर, शहीद भगत सिंह नगर, एस.ए.एस. नगर और मलेरकोटला जिलों में वृद्ध आश्रम खोलने जा रही है।

इस संबंधी जानकारी देते हुए सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास मंत्री डॉ. बलजीत कौर ने बताया कि राज्य सरकार के ध्यान में आया है कि राज्य में वृद्ध आश्रम की जरूरत है। इसे ध्यान में रखते हुए राज्य में बुजुर्गों के लिए वृद्ध आश्रम खोलने का प्रस्ताव बनाया है। उन्होंने बताया कि सरकार की तरफ से मूलभूत तौर पर रजिस्टर्ड गैर सरकारी संस्थाओं/ट्रस्ट/रेड क्रॉस सोसायटी को वित्तीय सहायता देकर इन वृद्ध आश्रमों को चलाया जाएगा। उन्होंने बताया कि यह वृद्ध आश्रम 25 बुजुर्गों से लेकर 150 बुजुर्गों की देखभाल के समर्थ होंगे। इन वृद्ध आश्रमों संबंधी विभाग की तरफ से कार्यवाही बहुत तेजी से चलाई जा रही है।
इससे पहले सामाजिक सुरक्षा-महिला एवं बाल विकास मंत्री डॉ. बलजीत कौर ने बताया था कि, पंजाब में मान सरकार इस महीने राष्ट्रीय पोषण माह मनाएगी। डॉ. बलजीत कौर ने कहा कि, मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली हमारी सरकार लगातार बच्चों और महिलाओं के कल्याण के लिए कार्यशील रही है। हम 1 सितंबर 2022 से 30 सितंबर 2022 तक, राष्ट्रीय पोषण माह मनाएंगे। डॉ. बलजीत कौर ने कहा कि यह पोषण माह और पखवाड़ा हर वर्ष महिला एवं बाल विकास मंत्रालय द्वारा सभी सहयोगी मंत्रालयों/विभागों की भागीदारी से मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय पोषण माह के दौरान महिलाओं और उनके स्वास्थ्य, बच्चे और शिक्षा-पोषण की पढ़ाई, लिंग संवेदनशील जल संरक्षण और प्रबंधन, महिलाओं और बच्चों के लिए पारंपरिक भोजन से संबंधित विषयों पर गतिविधियां संचालित की जाएंगी। उन्होंने कहा कि, हमारी सरकार द्वारा जो कदम उठाए गए हैं, उन्हें जनता के बीच वर्णित करेंगे, इसी कड़ी के तहत राज्य में 1 सितंबर 2022 से 30 सितंबर 2022 तक राष्ट्रीय पोषण माह मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि, पंजाब सरकार लगातार बच्चों और महिलाओं के कल्याण के लिए सक्रिय है।


Click it and Unblock the Notifications
