पंजाब सरकार का ऐलान, किसानों से धान का एक-एक दाना खरीदेगी सरकार
चंडीगढ़, सितंबर 18। पंजाब में धान की खेती करने वाले किसानों को भगवंत मान सरकार ने बड़ी राहत दी है। दरअसल, पंजाब सरकार की ओर से घोषणा की गई है कि सरकार धान के दाने-दाने की खरीद करेगी। इसके साथ ही धान की ढुलाई के साथ-साथ अनाज मंडियों में किसानों को जरूरी सहूलियतें भी प्रदान करेगी। पंजाब सरकार इस सीजन में धान की बिना रुकावट खरीद के लिए पूरी तरह तैयार है।

पंजाब सरकार में कृषि मंत्री कुलदीप सिंह धालीवाल ने मंडी बोर्ड भवन में मंडी बोर्ड के अधिकारियों और मार्केट कमेटी सचिवों के साथ उच्च स्तरीय मीटिंग करके मंडी बोर्ड की तरफ से धान की खरीद के लिए की गई तैयारियों पर विचार विमर्श भी किया। साथ ही कृषि मंत्री ने अधिकारियों को अनाज मंडियों में से सभी नाजायज कब्जे हटाने के लिए विशेष मुहिम चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने किसानों की सुविधा के लिए साफ-सफाई, पीने वाले पानी, लाईटों, शौचालयों आदि जैसे सभी जरूरी सुविधाओं के प्रबंध करने के लिए भी आदेश दिए।
कुलदीप सिंह धालीवाल ने बताया कि पंजाब सरकार ने जिला प्रशासनों को हिदायत की है कि राज्य भर के सभी 1806 खरीद केन्द्रों में पुख्ता इंतजाम करने में कोई कसर बाकी न छोड़ी जाए। कृषि मंत्री ने अतिरिक्त मुख्य सचिव कृषि सरबजीत सिंह और मुख्यमंत्री के विशेष प्रमुख सचिव, सचिव मंडी बोर्ड रवि भगत को धान के इस सीजन के दौरान खरीद के सभी जरूरी इंतजाम करने के लिए डिप्टी कमिशनरों के संपर्क में रहने के लिए कहा है।












Click it and Unblock the Notifications