पंजाब: कांग्रेस के पूर्व विधायक कुलदीप सिंह वैद विजिलेंस के सामने पेश, 6 अप्रैल को फिर तलब
पंजाब कांग्रेस के पूर्व विधायक कुलदीप सिंह वैद विजिलेंस के सामने पेश हुए। 6 अप्रैल को फिर से तलब किया है।

पंजाब के लुधियाना में बुधवार को पूर्व विधायक कुलदीप सिंह वैद विजिलेंस दफ्तर में पेश हुए। विजिलेंस ने वैद के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति मामले में सम्मन भेजा था। इससे पहले वैद से विजिलेंस ने 20 मार्च को करीब 6 घंटे तक पूछताछ की थी। फिलहाल अभी वैद विजिलेंस अधिकारियों के सवालों के जवाब दे रहे हैं। वैद को बैंक खातों व संपत्ति संबंधी डिटेल लाने के लिए विजिलेंस अधिकारियों ने कहा था, लेकिन वैद किसी तरह की कोई डिटेल नहीं लाए।
विजिलेंस लुधियाना रेंज के SSP रविंदरपाल सिंह संधू ने कहा कि वैद को उसके बैंक खातों और संपत्तियों से जुड़े दस्तावेज लाने को कहा गया था, लेकिन वह दस्तावेज आदि लाने में असमर्थ रहे। वैद को अब 6 अप्रैल को फिर से तलब किया गया है। उन्हें भरने के लिए कुछ फॉर्म भी दिए गए थे। मामले की गहनता से पड़ताल चल रही है।
बता दें 13 मार्च को विजिलेंस की टीम ने सराभा नगर इलाके में कुलदीप वैद के आवास पर छापा मारा था। विजिलेंस मुख्यालय की एक तकनीकी टीम ने वैद के स्वामित्व वाली संपत्तियों और संपत्तियों का मूल्यांकन किया। इस छापेमारी के दौरान ब्यूरो की टीम को उसके घर से अवैध शराब की बोतलें और चंडीगढ़ में बिक्री के लिए बनी शराब बरामद हुई थी।
हालांकि वैद और उनके पार्षद पुत्र हरकरण सिंह वैद के पास शराब के दो परमिट थे, लेकिन बोतलों की मात्रा तय सीमा से अधिक थी। इस कारण वैद के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला भी दर्ज हुआ था।
इमारत पर नगर निगम से मांगी रिपोर्ट
14 मार्च को विजिलेंस टीम ने पक्खोवाल रोड स्थित वैद्य के स्वामित्व वाली व्यवसायिक इमारत पर छापा मारा, जिसमें एक बैंक, एक होटल और एक रेस्तरां और बार को किराए पर दिया मिला। छापे के दौरान ब्यूरो ने पाया कि इमारत के नक्शे में केवल दो मंजिलों की मंजूरी है, जबकि इमारत में पांच मंजिलें थीं। इस पर नगर निगम से रिपोर्ट भी मांगी गई है।
यह भी पढ़ें- पंजाब: मंत्री चेतन सिंह जौड़ामाजरा ने किसानों तक पहुंचाने के लिए 'किसान-ए-बागबानी’ एप्प किया लॉन्च












Click it and Unblock the Notifications