पंजाब: ट्रक यूनियनों द्वारा उद्योगों के लिए पैदा की जा रही समस्याओं पर CM ने लिया संज्ञान, कार्रवाई के आदेश
चंडीगढ़: राज्य में भंग की गई ट्रक यूनियनों द्वारा उद्योगों के लिए पैदा की जा रही समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली राज्य सरकार ने नियमों का उल्लंघन करने वाली यूनियनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के आदेश दिए हैं।

उद्योगों की समस्याओं को लेकर मुख्य सचिव विजय कुमार जंजुआ ने आज मुख्यमंत्री के निर्देश पर डी.जी.पी. गौरव यादव की उपस्थिति में ट्रांसपोर्ट, उद्योग एवं पुलिस विभाग के आला अधिकारियों के साथ बैठक की है। बैठक में इस बात को गंभीरता से लिया गया कि 13 दिसंबर 2017 से ट्रक यूनियनों के भंग होने के बावजूद उद्योगों को अपने अनाधिकृत कार्यों के कारण भारी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
मुख्य सचिव ने परिवहन एवं पुलिस विभाग को 2017 में भंग करने के आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने ट्रांसपोर्ट विभाग से कहा कि अगर कोई सरकारी नियमों का पालन नहीं करता है तो तत्काल परमिट रद्द किया जाए। इसी तरह, उन्होंने पुलिस विभाग को क्षेत्र में कड़ी जांच करने और 2017 में जारी अधिसूचना का हर कीमत पर पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। अगर कोई ट्रक संचालक किसी को परेशान करता है तो पुलिस को तुरंत मामला दर्ज करना चाहिए। किसी भी ट्रक यूनियन को काम करने की इजाजत नहीं है।












Click it and Unblock the Notifications