पंजाब: शहीद कांस्टेबल मनदीप सिंह के परिवार को मान सरकार ने सौंपा 2 करोड़ रुपए का चेक
पंजाब में जालंधर के नकोदर में कपड़ा व्यापारी भूपिंदर उर्फ टिम्मी चावला की सुरक्षा में शहीद हुए कांस्टेबल मनदीप सिंह के परिवार को राज्य सरकार ने 2 करोड़ रुपए का चेक सौंप दिया है।

नई दिल्ली,18 दिसंबरः पंजाब में जालंधर के नकोदर में कपड़ा व्यापारी भूपिंदर उर्फ टिम्मी चावला की सुरक्षा में शहीद हुए कांस्टेबल मनदीप सिंह के परिवार को राज्य सरकार ने 2 करोड़ रुपए का चेक सौंप दिया है। यह एक्स ग्रेशिया चेक ADGP लॉ एंड ऑर्डर पंजाब ने शहीद की मां को सौंपा है। DGP पंजाब गौरव यादव और पंजाब पुलिस ने यह जानकारी अपने फेसबुक पेज के जरिए दी है।
CM मान ने की थी घोषणा
CM भगवंत मान ने मनदीप सिंह का देहांत होने पर शोक व्यक्त करते हुए सरकार द्वारा परिवार को 1 करोड़ रुपए की सहायता राशि और 1 करोड़ रुपए इंश्योरेंस राशि कुल (2 करोड़) रुपए देने की घोषणा की थी। इस घोषणा के बाद पंजाब पुलिस विभाग ने राज्य सरकार की ओर से 1 करोड़ रुपए और इंश्योरेंस राशि के 1 करोड़ रुपए रिलीज करवा इस एक्स ग्रेशिया अमाउंट का चेक परिवार के सुपुर्द किया।
7 दिसंबर को हुई वारदात
गौरतलब है कि गैंगस्टरों ने बीती 7 दिसंबर की रात थाना सिटी नकोदर के पास कपड़ा व्यापारी भूपिंदर उर्फ टिम्मी चावला की गोलियां मारकर हत्या कर दी थी। जवाबी कार्रवाई में उनकी सुरक्षा में तैनात गनमैन कॉन्स्टेबल मनदीप सिंह भी गंभीर रूप से घायल हो गए थे। जिनकी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई थी। मनदीप के क्रॉस फायर से एक शूटर को भी गोली लगी थी। दरअसल, गैंगस्टर रिंदा के नाम से टिम्मी चावला से 30 लाख रुपए की फिरौती मांग रहे थे
सप्ताह से गैंगस्टरों के निशाने पर था टिम्मी
कपड़ा व्यापारी टिम्मी से 1 नवंबर को पाक में बैठे आतंकी रिंदा ने इंटरनेट कॉल कर 30 लाख फिरौती मांगी थी। इसकी शिकायत पर टिम्मी की सुरक्षा के लिए गनमैन लगाया गया था। टिम्मी से मांगी गई फिरौती की ऑडियो कॉल भी वायरल हुई है। पुलिस को शिकायत और सुरक्षाकर्मी दिए जाने के बावजूद गैंगस्टरों ने फोन कर धमकी दी थी कि अब तो 30 लाख रुपए भी लेने हैं और गोली भी मारनी है। पुलिस सुरक्षा के बावजूद गैंगस्टर वारदात को अंजाम देकर फरार होने में कामयाब हो गए थे। इससे पुलिस सुरक्षा पर सवाल भी खड़े हुए थे।
मनदीप सिंह की जुबानी
वारदात में घायल हुए कांस्टेबल मनदीप सिंह ने बताया था कि व्यापारी अपनी सिटी स्टाइल गारमेंट शॉप बंद कर रॉयल टावर से बाहर निकल कर गाड़ी स्टार्ट करने वाले थे। वह भी गाड़ी में बैठने ही वाला था कि बाइक सवार शूटरों ने उन पर फायरिंग कर दी। जवाबी फायरिंग में एक शूटर को भी छाती के पास गोली लगी थी और मनदीप भी गंभीर रूप से घायल हो गए थे।












Click it and Unblock the Notifications