पंजाब: नशा के खिलाफ भगवंत मान सरकार की सख्ती, 4 किलो अफीम सहित 2 तस्कर गिरफ्तार
मोगा पुलिस द्वारा नशा तस्करों के खिलाफ चलाई जा रही विशेष मुहिम के तहत 2 अफीम तस्करों को काबू करके उनसे 4 किलो अफीम बरामद की गई।
इस संबंध में जानकारी देते हुए एस.पी.आई. अजयराज सिंह ने बताया कि जिला पुलिस अधीक्षक जे. ऐलनचेलियन के नेतृत्व में जब डी.एस.पी. हरिन्द्र सिंह डोड, सी.आई.ए. बाघापुराना के प्रभारी दलजीत सिंह पुलिस पार्टी सहित इलाके में गश्त करते हुए तलवंडी भंगेरियां बस अड्डे के पास जा रहे थे।

तो उन्हें गुप्त सूत्रों से जानकारी मिली कि विकास सहरावत निवासी गांव बड़ मलक सोनीपत हरियाणा तथा हर्श बजाज निवासी गांव चामल सिरसा हरियाणा अफीम तस्करी का धंधा करते हैं और वह हरियाणा से अफीम बिक्री करने के लिए अपनी वरना कार पर पंजाब आए हैं और आज वह मोगा से दोसांझ रोड द्वारा अलग-अलग गांवों में अफीम सप्लाई करने के लिए जा रहे हैं। यदि नाकाबंदी की जाए, तो भारी मात्रा में अफीम सहित काबू आ सकते हैं।
पुलिस पार्टी ने नाकाबंदी कर वरना कार को रोका, जिसे विकास सहरावत चला रहा था और हर्श बजाज उसके साथ बैठा हुआ था। पुलिस ने जैसे ही तलाशी ली, तो 4 किलो अफीम बरामद की गई। कथित तस्करों के खिलाफ थाना मैहना में एन.डी.पी.एस. एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। एस.पी.आई. अजयराज सिंह ने बताया कि दोनों कथित तस्करों ने पूछताछ के दौरान जानकारी दी कि वह हरियाणा से अफीम देकर पंजाब के अलग-अलग हिस्सों में सप्लाई करते हैं। सी.आई.ए. प्रभारी दलजीत सिंह ने कहा कि कथित तस्करों को पूछताछ के बाद आज माननीय अदालत में पेश कर 3 दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया। कथित तस्करों से पूछताछ कर उनके अन्य साथियों के अलावा जिन व्यक्तियों को अफीम सप्लाई करते हैं, उनके बारे में जानकारी हासिल करने का प्रयास किया जा रहा है। उक्त अफीम की कीमत 6 लाख रुपए से अधिक बताई जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications