पंजाब AAP ने हिंडनबर्ग की रिपोर्ट के बाद केंद्र पर साधा निशाना, पीएम मोदी की नीतियों पर उठाए सवाल
AAP से पंजाब के जनरल सेक्रेटरी एवं मंडी बोर्ड के चेयरमैन हरचंद सिंह बरसट ने पीएम मोदी की नीतियों पर सवाल खड़े किए। उन्होंने आरोप लगाए कि आजादी के बाद देश का सबसे बड़ा आर्थिक घोटाला भाजपा की मोदी सरकार में चल रहा है।

पंजाब आम आदमी पार्टी (AAP) ने हिंडनबर्ग की रिपोर्ट के बाद रविवार को पार्टी मुख्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस की। AAP से पंजाब के जनरल सेक्रेटरी एवं मंडी बोर्ड के चेयरमैन हरचंद सिंह बरसट ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों पर सवाल खड़े किए। उन्होंने आरोप लगाए कि आजादी के बाद देश का सबसे बड़ा आर्थिक घोटाला भाजपा की मोदी सरकार में चल रहा है।
नेता हरचंद सिंह बरसट ने कहा कि नरेंद्र मोदी ने सत्ता में आने से पहले बड़े-बड़े दावे किए थे। उन्होंने आरोप लगाए कि सरकार बनने के बाद मोदी ने केवल अडानी और अंबानी की कंपनियों को ही ऊपर उठाया। अडानी साल 2014 में 37 हजार करोड़ की संपत्ति के मालिक होने के साथ 609वीं रैंक पर थे, लेकिन साल 2018 में उनकी संपत्ति 59 हजार करोड़ हो गई और साल 2020 में वही संपत्ति ढाई लाख करोड़ की हो गई। जबकि साल 2022 में 13 लाख करोड़ की संपत्ति के मालिक हो गए।
सार्वजनिक संस्थाओं पर अडानी का कब्जा कराया
हरचंद सिंह बरसट ने कहा कि जिस प्रकार जियो कंपनी को फायदा देने के लिए पूर्व की सरकारों ने BSNL समेत अन्य जनसेवाओं को खत्म किया। आरोप हैं कि उसी प्रकार मोदी सरकार ने सार्वजनिक संस्थाओं पर अडानी का कब्जा कराया। इनमें कोयला, गैस, बिजली, पानी, सड़क, सीमेंट, स्टील, सी-पोर्ट और रेलवे स्टेशन तक के सस्ते रेट पर ठेके लेकर देश से लूट की गई।
बरसट ने लोगों के टैक्स का पैसा अडानी की मदद के लिए गैर कानूनी तरीके से उन्हें कर्ज के रूप में देने के आरोप भी लगाए। उन्होंने कहा कि अडानी को SBI से 80 हजार करोड़ और LIC से 36 हजार करोड़ कर्जा दिलाया गया।
श्रीलंका के PM को फोन कर बिजली का ठेका दिलाया
हरचंद सिंह बरसट ने कहा कि PM नरेंद्र मोदी ने श्रीलंका के PM को फोन कर अडानी को बिजली का ठेका देने की बात कही। इस पर उन्होंने सवाल किया कि मोदी अडानी के CEO हैं या देश के प्रधानमंत्री हैं। यह भी आरोप लगाए कि उन्होंने अडानी को ऑस्ट्रेलिया में कोयले की खान दिलाई और घाटा पड़ने पर ढाई लाख करोड़ का कर्ज माफ किया। पंजाब के किसानों का कुल कर्ज 96 हजार करोड़ है, लेकिन उनका कर्ज माफ नहीं किया गया।
जाली कंपनी बनाकर बैंक से कर्ज लिया
बरसट ने कहा कि हिंडनबर्ग की रिपोर्ट में सामने आया कि किस प्रकार जाली कंपनी बनाकर उनके जरिए निवेश से आंकड़ों का खेल दिखा बैंकों से कर्ज लिए गए हैं। उन्होंने कहा कि इसी कारण AAP देश भर में विरोध स्वरूप राज्य स्तर पर रोष प्रदर्शन कर रही है।
कॉरपोरेट कंपनियों का 11 लाख करोड़ कर्ज माफ किया
AAP नेता नील गर्ग ने आरोप लगाए कि मोदी सरकार द्वारा बीते 9 साल में कॉरपोरेट दोस्तों/कंपनियों का साढ़े 11 लाख करोड़ रुपए का कर्ज माफ किया गया। आरोप यह भी है कि PM मोदी ने कॉरपोरेट हाउस के मालिक को अपने जहाज से ऑस्ट्रेलिया ले जाकर ठेका दिलाया। कॉन्फ्रेंस में नेता डॉ. सन्नी आहलुवालिया और शमिंदर खेंडा भी उपस्थित रहे।












Click it and Unblock the Notifications