मंगलवार को आगरा में चुनावी हुंकार भरेंगी प्रियंका गांधी, चुनाव प्रचार के अंतिम दिन कांग्रेस झोंकेगी पूरी ताकत
कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव और उप्र प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा मंगलवार को आगरा आ रही हैं। वह खेरागढ़ विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस प्रत्याशी के समर्थन में रोड शो कर समर्थन जुटाएंगी
लखनऊ, 7 फरवरी। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव और उप्र प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा मंगलवार को आगरा आ रही हैं। वह खेरागढ़ विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस प्रत्याशी के समर्थन में रोड शो कर समर्थन जुटाएंगी। चार माह के अंदर उनका यह तीसरा आगरा दौरा होगा। प्रियंका के साथ आचार्य प्रमोद कृष्णम आ सकते हैं।

पहले चरण में जिन जिलों 10 में फरवरी को मतदान होना है, वहां चुनाव प्रचार का शोर मंगलवार शाम छह बजे थम जाएगा। राजनीतिक दलों द्वारा चुनाव प्रचार के अंतिम दिन पूरी ताकत झोंकने की तैयारी है। सूबे में अकेले चुनाव लड़ रही कांग्रेस भी कोई कसर नहीं छोड़ना चाहती है। मंगलवार को खेरागढ़ विधानसभा क्षेत्र में प्रियंका गांधी वाड्रा का कार्यक्रम लगाया गया है। वह मथुरा में आयोजित कार्यक्रम में भाग लेने के बाद हेलीकाप्टर से खेरागढ़ मंडी पहुंचेंगी। वहां से उनका रोड शो शुरू होगा। बाजार में करीब 3.5 किमी का रोड शो कर वह वापस मंडी पहुंचेंगी। कांग्रेस जिलाध्यक्ष राघवेंद्र सिंह मीनू ने बताया कि खेरागढ़ विधानसभा में राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा का रोड शो मंगलवार दोपहर होगा। उनके साथ आचार्य प्रमोद कृष्णम भी यहां आ सकते हैं।
यह भी पढ़ें: लगातार 5 गानों पर 160 मिलियन से ज्यादा व्यूज पाने वाले भारत के इकलौते एक्टर बने सिद्धार्थ मल्होत्रा
नहीं हो सकी थी सभा
प्रियंका गांधी वाड्रा की सभा रामलीला मैदान में सात अक्टूबर की तय की गई थी। शारदीय नवरात्र का पहला दिन होने की वजह से यह सभा स्थगित कर दी गई थी। उनकी सभा तो आगरा में नहीं हो सकी, लेकिन इस दरम्यान वह दो बार आगरा आईं। 20 अक्टूबर को पुलिस हिरासत में अरुण की मौत के बाद प्रियंका आगरा आई थीं। अरुण के स्वजन से उन्होंने पुल छिंगा मोदी स्थित घर पर मुलाकात की थी। इसके बाद वह 28 दिसंबर को आगरा आईं। वाल्मीकि वाटिका में उन्होंने वाल्मीकि समाज के तख्त चौधरियों और पंचों से मुलाकात कर चुनाव लड़ाने को समाज के एक व्यक्ति का नाम मांगा था। छावनी विधानसभा क्षेत्र से सिकंदर वाल्मीकि को प्रत्याशी बनाकर पार्टी ने उनका वादा निभाया। खेरागढ़ में रोड शो उनका तीसरा आगरा दौरा होगा।
शहर में कमान संभालेंगे इमरान प्रतापगढ़ी
मंगलवार को शहरी क्षेत्र में चुनाव प्रचार की कमान पार्टी के स्टार प्रचारक इमरान प्रतापगढ़ी संभालेंगे। वह यहां कांग्रेस प्रत्याशियों के समर्थन में जनसंपर्क व सभाएं करेंगे।












Click it and Unblock the Notifications