पीएम मोदी और केजरीवाल पर प्रियंका गांधी का हमला, कहा 'सिर्फ पगड़ी पहनकर कोई सरदार नहीं बन जाता'
अमृतसर, 16 फरवरी: रोपड़ में रोड शो के बाद अमृतसर पहुंचीं प्रियंका गांधी ने कहा कि मैं जहां भी जाती हूं, लोगों में उत्साह दिखता है। जनता समझती है कि सीएम चन्नी और कांग्रेस सरकार विकास लाएगी। मुझे विश्वास है कि कांग्रेस सरकार बनाएगी...मैं कोई ज्योतिषी नहीं हूं कि आप मुझसे बार-बार सीटों की संख्या के बारे में पूछेंगे।

प्रियंका गांधी ने कहा कि प्रधानमंत्री और अरविंद केजरीवाल ने पंजाब में पगड़ी पहनी। मगर कोई पगड़ी पहनने से सरदार नहीं बन जाता। दोनों नेताओं का जन्म राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (आरएसएस) से हुआ है। एक ने आंदोलन शुरू किया, जिसे आरएसएस का समर्थन प्राप्त था। दूसरा आरएसएस का सदस्य था। ये दोनों किसान और गरीब विरोधी है।
सिद्धू और दत्ती के समर्थन में निकाला रोड शो
प्रियंका गांधी ने मंगलवार को अमृतसर पूर्वी विधानसभा में नवजोत सिंह सिद्धू और उत्तरी हलके से उम्मीदवार सुनील दत्ती के समर्थन में रोड शो किया। रात करीब पौने आठ बजे बटाला रोड से शुरू होकर यह शो 30 मिनट में आधा किलोमीटर चलकर खत्म कर दिया गया। प्रियंका गांधी का मंगलवार की सायं करीब चार बजे नवजोत सिंह सिद्धू और सुनील दत्ती के समर्थन में रोड शो का कार्यक्रम था। चूंकि वह रोपड़ में ही लेट हो गईं और रात करीब 7.30 बजे अमृतसर पहुंचीं।
प्रियंका का हेलीकॉप्टर गुरु नानक देव यूनिवर्सिटी कैंपस में स्थित हेलीपेड पर उतरना था लेकिन तकनीकी कारणों के कारण उनका चौपर श्री गुरु रामदास जी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर उतारा। बताया जा रहा है कि विजिबिलिटी नहीं होने के कारण उनके चौपर को एयरपोर्ट पर उतारा गया। नवजोत सिंह सिद्धू और सुनील दत्ती ने उनका एयरपोर्ट पर स्वागत किया।
यहां से वे सीधे बटाला रोड पहुंची और पहले से तैयार ओपन कार में सवार हो गईं। इस दौरान सिद्धू और दत्ती उनके पीछे खड़े थे। करीब 7.45 बजे शुरू हुआ प्रियंका गांधी का रोड शो करीब आधे घंटे में आधा किलोमीटर के बाद समाप्त कर दिया। इस दौरान दत्ती से नाराज चल रहे दिनेश बस्सी नजर नहीं आए जबकि जिला योजना बोर्ड के चेयरमैन राज कंवलप्रीत सिंह लक्की और पूर्व पार्षद व अग्रवाल समाज के प्रधान रजत अग्रवाल ने हाजिरी भरी।












Click it and Unblock the Notifications