फ्री की चीजों से गुजरात की जनता नहीं होगी भ्रमित-CR पाटिल
अहमदाबाद, 09 मई: गुजरात भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सीआर पाटिल ने शनिवार को आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक व दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का नाम लिए बगैर महाठग बताते हुए कहा कि मुफ्त में वस्तुएं देने के प्रयासों से गुजरात की जनता भ्रमित नहीं होगी। गुजरात की संस्कृति मुफ्त का स्वीकार नहीं करती। पाटिल कड़ोदरा में आयोजित पेज समिति सदस्य सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि गुजरात की एक संस्कृति है और वह सदैव देने के लिए हाथ लम्बे करती है। गुजरात की जनता को मुफ्त में कुछ भी पसंद नहीं है और ऐसी गुजरात की जनता को मुफ्त का लालच देकर कोई पार्टी वोट मांगती है तो कोई मत नहीं देंगे। गुजरात की संस्कृति पर कोई राजनीतिक पार्टी प्रहार करेगी तो उसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दुनियाभर में भारत का डंका बजा रहे हैं और इसकी शुरुआत गुजरात के विकास मॉडल से की गई है।
गुजरात का मॉडल अर्थात सर्वांगीण विकास का मॉडल। कांग्रेस को आड़े हाथ लेते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सीआर पाटिल ने सम्मेलन में कहा कि कांग्रेस ने कभी जनता के हित में कोई योजना लागू नहीं की जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार ने किसान हित व आम जन के हितों को ध्यान में रख अनेक योजनाएं प्रदेश व देश में लागू की है। कड़ोदरा में अकलामुखी हनुमान मंदिर के पास आयोजित पेज समिति सदस्य सम्मेलन में आम आदमी पार्टी के नेता अरविंद केजरीवाल का नाम लिए बगैर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष जमकर बोले।
उन्होंने कहा कि मुफ्त की ऑफर लेकर एक महाठग गुजरात में आ रहा है पर गुजरात की तो संस्कृति ही देने की है। ऐसे महाठग की बातों में आकर भ्रमित होने की जगह गुजरात के श्रमवान 45 डिग्री गर्मी में कुआं खोदकर पसीने से अपना पेट भर लेंगे, लेकिन मुफ्त की वस्तु पसंद नहीं करेंगे। चुनाव आते ही मानसून के मेंढ़क की तरह कुछ नेता आ जाते हैं और यहां-वहां फुदकना शुरू कर देते हैं जबकि अन्य दिनों में वे जनता के काम करने के लिए नजर भी नहीं आते।












Click it and Unblock the Notifications