ओडिशा: टाइगर रिजर्व में आग रोकने के लिए बनाई गई रणनीति, अभियान में शामिल होंगे ग्रामीण
एसटीआर के उप निदेशक (उत्तर) साई किरण ने रविवार को त्रिस्तरीय रणनीति का विवरण देते हुए बताया, 'रणनीति में वन कर्मियों द्वारा प्रत्यक्ष निगरानी और गश्त शामिल है।

भुवनेश्वरः ओडिशा में सिमिलिपाल टाइगर रिजर्व (एसटीआर) के अधिकारियों ने जंगल की आग को रोकने के लिए त्रिस्तरीय रणनीति बनाई है। यह कदम मार्च 2021 में बड़े पैमाने पर जंगल में आग लगने के बाद उठाया गया है। मार्च 2021 में बड़े पैमाने पर आग लग गई थी, जिससे वनस्पतियों और जीवों को काफी नुकसान हुआ। उस वक्त आग बुझाने के लिए ओडिशा डिजास्टर रैपिड एक्शन फोर्स को कार्रवाई करनी पड़ी।
एसटीआर के उप निदेशक (उत्तर) साई किरण ने रविवार को त्रिस्तरीय रणनीति का विवरण देते हुए बताया, 'रणनीति में वन कर्मियों द्वारा प्रत्यक्ष निगरानी और गश्त शामिल है। साथ ही पंचायत प्रतिनिधियों व अन्य विभागों को शामिल करना और रिजर्व के पास रहने वाले ग्रामीणों को यह समझाने के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित करना कि वे जंगल की आग को रोकने में कैसे मदद कर सकते हैं, इसका हिस्सा है।
जंगल में आग ज्यादातर ग्रामीणों की वजह से लगती है, जो महुआ फूल (स्थानीय पेय तैयार करने के लिए उपयोग किया जाता है) को इकट्ठा करने के लिए रिजर्व में आते हैं। इनमें से अधिकांश महुआ के फूल सूखे पत्तों (जो पेड़ों से गिरते हैं) से ढक जाते हैं। फूलों को तोड़ने के लिए, ग्रामीण सूखे पत्तों को जलाते हैं, जिससे अक्सर जंगल में आग लग जाती है। सांस्कृतिक कार्यक्रम के हिस्से के रूप में, अधिकारी स्थानीय लोगों को यह समझाने के लिए नाटक, नृत्य और संगीत शो आयोजित करेंगे कि जंगल की आग कैसे वनस्पतियों और जीवों को नुकसान पहुंचाती है।












Click it and Unblock the Notifications