IND vs AFG: लखनऊ में कैसा होगा मौसम का मिजाज? भारत-अफगानिस्तान मैच में कितना है बारिश का खतरा?
IND vs AFG 2nd ODI Weather: भारत और अफगानिस्तान के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का दूसरा मुकाबला बुधवार यानी 17 जून को लखनऊ के भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। धर्मशाला में खेले गए सीरीज के पहले मैच में बारिश ने जमकर खलल डाला था, जिसके कारण मैच को घटाकर 25-25 ओवर का करना पड़ा था।
उस मैच को 7 विकेट से जीतकर टीम इंडिया सीरीज में 1-0 से आगे है। अब फैंस यह जानने के लिए बेताब हैं कि क्या लखनऊ में भी बारिश मैच का मजा किरकिरा करेगी? दूसरे एकदिवसीय मुकाबले में मौसम को लेकर एक अहम उपडेट है, जिसे फैंस को जरूर जानना चाहिए।

IND vs AFG: कैसा रहेगा मौसम
धर्मशाला के ठंडे और सुहावने मौसम के ठीक उलट नवाबों के शहर लखनऊ में इस समय भीषण गर्मी का प्रकोप है। मौसम विभाग और वेदर रिपोर्ट्स के मुताबिक मैच के दिन आसमान पूरी तरह साफ रहेगा और धूप बेहद तीखी होगी। दोपहर में मैच की शुरुआत के वक्त तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा, लेकिन (उमस) के कारण मैदान पर खिलाड़ियों को 45 डिग्री सेल्सियस जैसी झुलसाने वाली गर्मी महसूस होगी।
शाम के समय सूरज ढलने के बाद तापमान में थोड़ी गिरावट जरूर आएगी और यह लगभग 33 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाएगा, लेकिन उमस के कारण खिलाड़ियों को पसीना बहाना पड़ेगा। इस मुकाबले में टॉस की भूमिका भी अहम होगी, क्योंकि इतनी भीषण गर्मी में कोई भी टीम पहले फील्डिंग करके अपने खिलाड़ियों को थकाना नहीं चाहेगी।
IND vs AFG: बल्लेबाजों या गेंदबाजों को मदद?
इकाना स्टेडियम की पिच पारंपरिक रूप से काली मिट्टी की बनी है, जो धीमी गति के गेंदबाजों और स्पिनरों को काफी टर्न और ग्रिप प्रदान करती है। हालांकि हाल के दिनों में इस पिच के बर्ताव में सुधार हुआ है और अब यहां बल्लेबाजों को भी अच्छे स्ट्रोक खेलने की आजादी मिलती है।
इस मैदान पर पहली पारी का ऐतिहासिक औसत स्कोर भले ही थोड़ा कम (लगभग 175 रन) रहा हो, लेकिन बुधवार को होने वाले इस मैच में एक प्रतिस्पर्धी पिच की उम्मीद है जहां 250 से 270 रनों का स्कोर देखने को मिल सकता है। अफगानिस्तान की टीम अपने स्टार स्पिनर राशिद खान पर काफी हद तक निर्भर करेगी, जबकि भारतीय कप्तान शुभमन गिल अपनी शानदार फॉर्म को जारी रखते हुए यहीं सीरीज पर कब्जा जमाना चाहेंगे।












Click it and Unblock the Notifications