केंद्र की वॉर्निंग के बाद ओडिशा सरकार ने जारी किया कोरोना की तीसरी लहर का अलर्ट, लोगों से की ये खास अपील
भुवनेश्वर, दिसंबर 20। देश में ओमिक्रॉन के बढ़ते खतरे के बीच कोरोना की तीसरी लहर की संभावनाएं लगातार बरकरार हैं। हाल ही में केंद्र सरकार ने भी कोरोना की तीसर लहर की संभावनाओं को लेकर चेतावनी जारी की थी। सरकार ने कहा था कि हमें ब्रिटेन की तरह एक दिन में 14 लाख मामले सामने आने की स्थिति के लिए तैयार रहना होगा। इस चेतावनी के बाद ओडिशा सरकार ने शनिवार को राज्य में अलर्ट जारी कर दिया है। राज्य सरकार ने लोगों से अपील की है कि बहुत अधिक सावधानी बरतें और बिल्कुल लापरवाह ना बनें।

पब्लिक हेल्थ डायरेक्टर डॉ निरंजन मिश्रा ने कहा कि अन्य देशों में कोरोना के नए मामलों में आई अचानक वृद्धि ने पूरी दुनिया को हैरान कर दिया है। उन्होंने कहा, "ब्रिटेन और अन्य यूरोपीय देशों में ताजा मामलों में तेजी से वृद्धि को देखते हुए, इस बात की संभावना बहुत अधिक है कि 2022 की शुरुआत में हमारा देश भी कोरोना की तीसरी लहर का सामना कर सकता है। ऐसे में हमें टीकाकरण के साथ-साथ कोविड सुरक्षा प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन करना होगा।
निरंजन मिश्रा ने इस दौरान लोगों से वैक्सीन लेने, मास्क लगाने और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि वैसे तो हमारे पास स्थिति से निपटने के लिए सभी संसाधन पर्याप्त हैं, लेकिन फिर भी हमें कोविड प्रोटोकॉल को फॉलो करना होगा। आपको बता दें कि ओडिशा में 26 नवंबर से अभी तक दुनियाभर के हाई रिस्क वाले देशों से 1500 से अधिक विदेशी यहां लौटे हैं। इनमें से हाल ही में 3 यात्री कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। इससे पहले चार यात्री कोरोना संक्रमित मिले थे। हालांकि उनमें से कोई ओमिक्रॉन से संक्रमित नहीं मिला था।












Click it and Unblock the Notifications