प्रदूषण हटाने को ओडिशा सरकार का बड़ा कदम, सड़कों से हटेंगे 20 लाख से ज्यादा पुराने वाहन
नीतिगत दिशा निर्देशों के अनुसार, जिन वाहनों ने अपने पंजीकरण प्रमाण पत्र का नवीनीकरण नहीं किया है या फिटनेस का प्रमाण पत्र नहीं दिया गया है, उनकी उपयोगिता समाप्त हो गई है।

ओडिशा के परिवहन मंत्री तुकुनी साहू ने गुरुवार को विधानसभा में कहा कि राज्य सरकार अपनी व्हीकल स्क्रैपिंग पॉलिसी के तहत 15 मार्च तक 20 लाख से अधिक वाहनों को स्क्रैप करेगी। उन्होंने बताया कि कुल 20,39,500 वाहन ऐसे हैं, जो 15 साल से अधिक पुराने हैं और जिनमें फिटनेस की कमी है, उन्हें हटा लिया जाएगा। इन वाहनों में 12,99,351 दोपहिया वाहन भी शामिल हैं।
भाजपा विधायक कुसुम टेटे की तरफ से पूछे गए प्रश्न का उत्तर देते हुए मंत्री साहू ने कहा कि वर्तमान में राज्य में 80,20,500 फिटनेस वाहन हैं। वाहनों से होने वाले प्रदूषण को कम करने के उद्देश्य से बनाई गई इस नीति में स्क्रैपिंग सेंटर में 15 साल से अधिक पुराने वाहनों को अनिवार्य रूप से स्क्रैप करने की सिफारिश की गई है। साथ ही इस नीति से मालिकों को नए वाहन खरीदने के लिए प्रोत्साहन भी मिलेगा।
नीतिगत दिशा निर्देशों के अनुसार, जिन वाहनों ने अपने पंजीकरण प्रमाण पत्र का नवीनीकरण नहीं किया है या फिटनेस का प्रमाण पत्र नहीं दिया गया है, उनकी उपयोगिता समाप्त हो गई है। नामित आरवीएसएफ केंद्रों पर इसे खत्म कर दिया जाएगा। स्क्रैप वाहन के खिलाफ यदि मालिक एक समान प्रकार का वाहन खरीदना चाहता है, तो सरकार मोटर वाहन कर में रियायत प्रदान करेगी।












Click it and Unblock the Notifications