पांच साल में गरीबी को 10 फीसद कम करेंगेः नवीन पटनायक
भुवनेश्वर। आगामी पांच साल में ओडिशा की जनता के सहयोग से गरीबी को 10 फीसद कम कर ओडिशा इतिहास रचेगा। इसके लिए जो भी कदम उठाने पड़ेंगे, वह उठाया जाएगा। बीजू जनता दल (बीजद) के 25वें स्थापना दिवस पर रविवार को कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए पार्टी के मुखिया तथा मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने ये बातें कहीं। उन्होंने कहा कि 25 साल पूर्व बीजू बाबू के आदर्शों को लेकर गठित बीजू जनता दल आज एक सामाजिक आंदोलन बन चुकी। साढ़े चार करोड़ ओडिशा के लोगों की आशा व विश्वास का प्रतीक बन चुका है। राज्य की जनता के आशीर्वाद से बीजद लगातार आगे बढ़ रही है। बीजद एक मात्र ऐसी पार्टी है, जिसकी लोकप्रियता निरंतर बढ़ रही है। इसके पीछे पार्टी के लाखों कार्यकर्ताओं का परिश्रम है।

मुख्यमंत्री ने उनके प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पार्टी के कार्यकर्ता हमारे रीढ़ हैं। 2000 से लेकर अब तक काफी कुछ बदल चुका है। बीजू जनता दल एक ऐसी पार्टी है, जिसका कोई बास दिल्ली में नहीं है। राज्य की जनता ही हमारी मालिक है।
बीजद के स्थापना दिवस पर सीएम ने कहा-ओडिया लोगों के प्यार से पार्टी को मजबूती मिली
बीजू जनता दल ने अपना स्थापना दिवस राजधानी स्थित पार्टी मुख्यालय में मनाया। इस मौके पर मुख्यमंत्री और बीजू जनता दल (बीजद) के अध्यक्ष ने रविवार को क्षेत्रीय पार्टी के स्थापना दिवस के अवसर पर राज्य के लोगों को शुभकामनाएं दीं। बीजद की स्थापना 26 दिसंबर, 1997 को हुई थी। इस अवसर पर लोगों को संबोधित करते हुए नवीन ने कहा कि बीजद के स्थापना दिवस पर मैं राज्य के लोगों और पार्टी के सभी भाइयों और बहनों को शुभकामनाएं देता हूं।
उन्होंने कहा कि ओडिया लोगों के प्यार और कार्यकर्ताओं के समर्पित कार्य से पार्टी को मजबूती मिली है। मुख्यमंत्री ने लोगों से आह्वान करते हुए कहा कि आइए हम इस ताकत को बरकरार रखें और एक नए और समृद्ध ओडिशा के निर्माण की दिशा में आगे बढ़ें। इधर, पार्टी के नेताओं ने कहा कि बीजू जनता दल (बीजद) पिछले कुछ वर्षों में पार्टी अध्यक्ष और मुख्यमंत्री नवीन पटनायक के नेतृत्व में एक मजबूत क्षेत्रीय राजनीतिक ताकत के रूप में विकसित हुआ है। रविवार को यहां बीजद मुख्यालय में आयोजित समारोह में पार्टी नेताओं ने कहा कि पिछले ढाई दशकों में क्षेत्रीय पार्टी ने कई तूफानों का सामना किया है और केवल मजबूत और विकासोन्मुखी संगठन के रूप में सामने आया है।
शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी ढांचे पर पार्टी का फोकस
अशोक चंद्र पंडा ने कहा कि पार्टी का फोकस शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी ढांचे के प्राथमिकता वाले क्षेत्रों के साथ विकास पर रहा है, जिस पर हमारे मुख्यमंत्री ने हमेशा जोर दिया है।
पार्टी ने बीजू बाबू के सपने पर भी ध्यान केंद्रित किया
राज्य योजना बोर्ड के उपाध्यक्ष संजय दासबर्मा ने कहा कि पार्टी ने ओडिशा तथा ओड़िया के लिए एक अलग पहचान कायम करने, राज्य के लोगों के लिए वित्तीय स्वतंत्रता के लिए स्वर्गीय बीजू बाबू के सपने पर भी ध्यान केंद्रित किया है।
सम्मानजनक जीवन देने के लिए मुख्यमंत्री प्रतिबद्ध
बीजद के संगठनात्मक सचिव प्रणव प्रकाश दास ने कहा कि मुख्यमंत्री यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं कि ओडिया लोग एक सम्मानजनक जीवन जीते हैं और ओडिशा की समृद्ध संस्कृति और विरासत समृद्ध होती है और दुनियाभर में लोकप्रिय होती है। भुवनेश्वर उत्तर के स्थानीय विधायक सुशांत राउत ने इस अवसर पर राज्य की राजधानी में आयोजित समारोह का नेतृत्व किया। इस मौके पर पार्टी के वरिष्ठ नेता देवी प्रसाद मिश्र, प्रसन्ना पाटसानी, अरूप पटनायक, अनंत नारायण जेना, देवी रंजन त्रिपाठी, प्रियदर्शी मिश्र के साथ-साथ पार्टी के कार्यकर्ताओं की उपस्थिति रही।












Click it and Unblock the Notifications