बीजेपी सरकार में गरीब की कोई सुनवाई नहीं: प्रियंका गांधी
लखनऊ, 21 फरवरी: रायबरेली दौरे के दूसरे दिन आज कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने जगतपुर, बाबूगंज, ऊंचाहार, गदागंज, गौरा, बछरावां, महराजगंज में जनसंपर्क अभियान और नुक्कड़ सभाओं को संबोधित करने के साथ डिग्री कॉलेज से त्रिपुला तिराहे तक रोडशो भी किया और कांग्रेस उम्मीदवारों को वोट देकर उत्तर प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनवाने की अपील की। बछरावां में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भी जनसभा में शामिल हुए और उत्तर प्रदेश में कांग्रेस पार्टी की सरकार बनवाने की अपील की। उन्होंने कहा कि तीन चरणों में भाजपा साफ हो चुकी है, जनता ने योगी आदित्यनाथ को मठ में वापस भेजने का मन बना लिया है।

कांग्रेस महासचिव ने कहा कि किसान एक साल दिल्ली के बॉर्डर पर खड़े रहे। 700 किसान शहीद हुए। छह किसानों को मंत्री के बेटे ने कुचल दिया। ये लोग चुप रहे। प्रधानमंत्री ने किसानों से पूछा तक नहीं कि आपकी समस्या क्या है। कानून वापस लेने के लिए 700 किसानों की जान लेने की क्या जरूरत थी? इंदिरा गांधी, राजीव गांधी जब प्रधानमंत्री थे, तो पीड़ितों के पास जाते थे। वे अपने राजधर्म का पालन करते थे, लोगों की सेवा करते थे, लेकिन बीजेपी का धर्म बस जाति धर्म के नाम पर चुनाव लड़ना है। उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार गन्ना किसानों का बकाया नहीं दे रही है और पीएम के लिए हवाई जहाज ख़रीदा जा रहा है।
कांग्रेस महासचिव ने कहा कि कांग्रेस ने गरीबों के साथ हुए अन्याय की लड़ाई लड़ी है। इस सरकार ने गरीब बनाया है। गैस सिलिंडर, राशन के बोरे, थोड़े बहुत पैसे देकर सरकार की जिम्मेदारी ख़त्म नहीं हो जाती। लोगों का पेट नफरत और मुफ्त की राजनीति से नहीं भरने वाला है। भाजपा पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि किसान को खाद नहीं मिल रही है, खाद वितरण के सरकारी केंद्र लगभग सारे बंद हैं, निजी वितरण केंद्र खुले हुए हैं। उन्होंने कहा कि जितने भी नेता हैं, वे समझते हैं कि वे पांच साल बाद आएंगे।
वह सिर्फ आपको गुमराह करने का काम करती है। सब समझ रहे हैं कि धर्म-जाति के नाम पर वोट मांगेंगे, वोट मिल जाएगा। वे आगे बढ़ेगे, फूलेंगे-फलेंगे। उनके बड़े-बड़े मित्र उद्योगपति फूलेंगे-फलेंगे। उनको तो सत्ता में रहना है। उनका लक्ष्य है किसी भी हालत में सत्ता में रहना। उनका लक्ष्य पूरा हो रहा है।
सब राजनीतिक दल एक ही बिसात पर खेल रहे हैं
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री कह रहे हैं कि उत्तर प्रदेश में लाखों लखपति बन गए हैं। सच्चाई यह है कि यह जो सरकारें हैं, धर्म-जाति का नाम लेकर चुनाव लड़ती हैं। इनके आधार पर आपसे वोट लेती हैं, सरकारें अब अमीरों और उद्योगपतियों के लिए चल रही हैं, गरीबों की कोई सुनवाई नहीं है इन सरकारों में। जब जब लोगों के साथ अन्याय हुआ,अत्याचार हुआ, सिर्फ कांग्रेस सरकार न्याय की लड़ाई लड़ने के लिए सामने आई। अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि तीन सालों से मैं पूरे यूपी में काम कर रही हूँ एक बार मैंने लोगों के मुद्दों पर अखिलेश यादव को अपने घर से निकलते नहीं देखा। कब निकले ? चुनाव से पहले।
छुट्टा जानवर बहुत बड़ी समस्या
उन्होंने कहा कि आपको नेताओं को जवाबदेह बनाना पड़ेगा, आप उस पार्टी को वोट दो, जिसने काम करके दिखाया है और जो काम करना चाहती है। चुनाव में सारी पार्टियों के नेता आपके बीच आ रहे हैं। सब वादे कर रहे हैं। कुछ लोग जाति और धर्म की बातें करते हैं। आप कैसे पहचानोगे कि किसकी नीयत कैसी है? आपको उनके रिकॉर्ड देखने पड़ेगे कि पिछले चुनाव में क्या वादा किया था और उनमें से क्या पूरा किया।
गैस सिलेंडर 1,100 रुपये का हो गया है। सरसो का तेल 240 का है। पेट्रोल, डीजल आपको मालूम है कितना महंगा है। इसका असर आप पर पड़ रहा है। फसल का दाम नहीं मिल रहा है। गन्ने का दाम नहीं मिल रहा है। छुट्टा जानवर बहुत बड़ी समस्या है। छुट्टा जानवर आपके खेत चर रहे हैं। सरकार कहती है कि आपको राशन दे रही है। लेकिन जितना राशन दे रही है उससे ज्यादा जानवर चर रहे हैं। छोटे दुकानदार और कारोबारियों के साथ क्या हुआ? नोटबंदी और जीएसटी से आपका नुकसान हुआ। कोरोना आया तो और नुकसान हुआ।
उन्होंने कहा कि युवा बेरोजगार घूम रहे हैं, सबसे ज्यादा बेरोजगार उत्तर प्रदेश में हैं। लेकिन किसी के पास कोई योजना नहीं है। कांग्रेस ने इसके लिए भर्ती विधान निकाला है। हर भर्ती के लिए एक अलग कैलेंडर होगा। परीक्षा, रिजल्ट और नियुक्ति की तारीख उसपर दर्ज होगी, परीक्षा देने के छह महीने में नियुक्ति होगी। कोई अधिकारी इसमें लापरवाही करेगा, तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। मेरी बहनों पर अत्याचार होता है।
नेता का धर्म सेवा होता है
उन्होंने कहा कि नेता का धर्म और कुछ नहीं होता। नेता का धर्म सेवा होता है। आप हिंदू धर्म में देखिए, मुस्लिम, ईसाई, बौद्ध धर्म में देखिए, सब कहेंगे कि नेता का सबसे बड़ा धर्म सेवा होता है। सेवा ही राजधर्म है। लेकिन इनके लिए धर्म भी इस्तेमाल करने वाली चीज हो गई है। क्या आप चाहते हैं कि आपके बच्चे राशन के बोरे पर निर्भर रहें या फिर वे शिक्षित बनें, आगे बढ़े, रोजगार लाएं? आपको अपने बच्चों पर गर्व तब होगा जब वे रोजगार लाएंगे। 12 लाख पद खाली हैं, सरकार ने नहीं भरे। वे अपना राजधर्म क्यों नहीं निभा रहे हैं? उन्होंने कहा ये वोट बदलाव का हथियार है। ऐसे नेताओं को निकाल फेंको जो आपको गुमराह करने की राजनीति करते हैं। ऐसे लोगों को लाओ जो यह समझें कि इस देश और प्रदेश की तरक्की आपकी तरक्की से जुड़ी है।












Click it and Unblock the Notifications