नवीन पटनायक ने किया 4703 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास
साथ ही नवीन पटनायक ने धरणीधर स्वशासी महाविद्यालय को विश्वविद्यालय के रूप में उन्नत करने के स्वीकृति पत्र की प्रति संस्था के अधिकारियों को सौंपी।

ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने सोमवार को क्योंझर जिले में 4,703 करोड़ रुपये की 250 से अधिक परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इस दौरान नवीन पटनायक ने धरणीधर मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (डीएमसीएच) के भवनों का उद्घाटन किया। इस कॉलेज में मौजूदा शैक्षणिक सत्र में एमबीबीएस की 100 सीटों के लिए प्रवेश शुरू हो गया है।
साथ ही नवीन पटनायक ने धरणीधर स्वशासी महाविद्यालय को विश्वविद्यालय के रूप में उन्नत करने के स्वीकृति पत्र की प्रति संस्था के अधिकारियों को सौंपी। क्योंझर के बाहरी इलाके के कबीरा गांव में यह मेडिकल कॉलेज 480 करोड़ रुपये के निवेश से 44 एकड़ क्षेत्र में बना है। इसमें 22 विभाग हैं, जिनमें 55 संकाय सदस्य और 28 वरिष्ठ निवासी और शिक्षक हैं।
इसके साथ ही सीएम नवीन ने 1,103 करोड़ रुपये की 138 परियोजनाओं का शिलान्यास भी किया। मुख्यमंत्री पटनायक ने इस दौरान 868 करोड़ रुपये की 98 परियोजनाओं का उद्घाटन किया और 2,731 करोड़ रुपये की 23 नई परियोजनाओं की घोषणा की। पटनायक ने धरणीधर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का उद्घाटन किया, जिसमें एक फुटबॉल मैदान, एलईडी फ्लडलाइट्स के साथ 400 मीटर सिंथेटिक ट्रैक और साथ ही 1,000 सीटों वाली गैलरी है। इसके अलावा नवोदित और प्रतिभाशाली तीरंदाजों के लिए एक तीरंदाजी क्षेत्र विकसित किया गया है।












Click it and Unblock the Notifications