भाजपाध्यक्ष नड्डा ने राष्ट्रीय कार्यकारिणी घोषित की, हरियाणा से भूपेंद्र यादव को मिली जगह, दलितों पर फोकस
चंडीगढ़। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने राष्ट्रीय कार्यकारिणी घोषित कर दी है। इसमें हरियाणा से केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र सिंह यादव, केंद्रीय भारी उद्योग एवं ऊर्जा राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर, सिरसा की सांसद सुनीता दुग्गल स्थायी सदस्य बनाया गया है, जबकि राज्य के खेल मंत्री सरदार संदीप सिंह को विशेष आमंत्रित सदस्य नियुक्त किया गया है।
पिछली बार भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में सचिव के नाते पूर्व सांसद डाक्टर सुधा यादव थीं। इसके अलावा पूर्व केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह, केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर और सांसद अवतार भड़ाना राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य थे। सुधा यादव को चूंकि राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग का सदस्य नियुक्त कर दिया गया है, इसलिए उनकी जगह दलित वर्ग से सिरसा की सांसद सुनीता दुग्गल को कार्यकारिणी में समायोजित किया गया है।

गुर्जर एक बार फिर राष्ट्रीय कार्यकारिणी में अपना पद बरकरार रखने में कामयाब रहे। भड़ाना 2019 के लोकसभा चुनाव में भाजपा छोड़ कांग्रेस में शामिल हो गए थे। तीन कृषि सुधार कानूनों का विरोध कर रहे किसान संगठनों के साथ खड़े रहे पूर्व केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह को राष्ट्रीय कार्यकारिणी में स्थान नहीं दिया गया है। मोदी मंत्रिमंडल से हटाए गए पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री रतन लाल कटारिया, पूर्व मंत्री राम बिलास शर्मा सहित केंद्रीय राज्य मंत्री राव इंद्रजीत सिंह की अनदेखी कर भाजपा संगठन में पार्टी काडर के दलित व पिछड़ा वर्ग के नेताओं को अहमियत दी गई है।
भूपेंद्र यादव को राष्ट्रीय कार्यकारिणी में शामिल करने के हैं राजनीतिक मायने
केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र सिंह यादव को भाजपा राष्ट्रीय कार्यकारिणी में हरियाणा से स्थान दिया गया है। मंत्री बनने से पहले यादव पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव रहे थे। राजस्थान से राज्यसभा के सदस्य यादव को केंद्रीय मंत्री बनने के बाद जन आशीर्वाद यात्रा के दौरान दक्षिण हरियाणा सहित अहीरवाल क्षेत्र में काफी महत्व मिला था। इसके चलते केंद्रीय राज्य मंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने झज्जर जिला के पाटौदा गांव में शहीदी दिवस पर रैली कर अपना शक्ति प्रदर्शन भी किया था। माना जा रहा है कि भाजपा हाईकमान ने भूपेंद्र को हरियाणा से पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में शामिल करके बड़ा संदेश दे दिया है। इसको भविष्य की राजनीति के दृष्टिकोण से भी देखा जा रहा है।
सरकार से संगठन की कसौटी पर खरे उतर रहे हैं गुर्जर
केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने राष्ट्रीय कार्यकारिणी में लगातार दूसरी बार स्थान बरकरार रखा है। गुर्जर इससे पहले 2019 के लोकसभा चुनाव में दूसरी बार जीतकर मोदी सरकार में भी अपना पद बरकरार रखने में कामयाब रहे थे। इतना ही नहीं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जब अपने मंत्रिमंडल का विस्तार और फेरबदल किया तो गुर्जर को भारी उद्योग व ऊर्जा मंत्रालयों का कार्यभार दिया गया। इसके बाद संगठन में भी उनका स्थान बरकरार रहा है। इससे साबित होता है कि गुर्जर मोदी सरकार और भाजपा संगठन की हर कसौटी पर खरे उतरे हैं। गुर्जर शुरू से ही भाजपा में हैं। इसलिए वे दल बदल करने वाले नेताओं पर यह कहकर तंज भी कसते हैं कि कोई बेशक कपड़ों की तरह दलबदल कर ले, लेकिन वे तो लकीर के फकीर हैं। एक बार जिस पार्टी का दामन थाम लिया मरते दम तक उसी में रहेंगे।












Click it and Unblock the Notifications