हरियाणा के नंबरदारों को प्रदेश सरकार दे रही है मोबाइल फोन, डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने कहा- पूरा किया वादा
पानीपत, 29 जुलाई। हरियाणा के डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने कहा कि आधुनिकता के इस युग में मोबाइल फोन का बहुत महत्व है और इसकी महत्वता को देखते हुए प्रदेशभर के लगभग 17,500 नंबरदारों को राज्य सरकार द्वारा मोबाइल फोन दिए जा रहे है। उन्होंने कहा कि नंबरदारों को मोबाइल फोन देने के साथ हरियाणा प्रदेश देश का पहला ऐसा राज्य है, जिसने नंबरदारों को मोबाइल देते हुए आधुनिकता के साथ जोड़ा है।

डिप्टी सीएम चौटाला ने कहा कि इससे फसल आपदा, फसल खराबा आदि होने पर पटवारियों, ग्राम सचिवों के साथ-साथ नंबरदारों को भी उसकी सत्यापित करने के कार्य में साथ जोड़ा जाएगा। वे वीरवार को पानीपत में आयोजित नम्बरदार मोबाइल फोन वितरण कार्यक्रम में नंबरदारों को मोबाइल वितरण करने के उपरांत उन्हें संबोधित कर रहे थे।
डिप्टी सीएम चौटाला ने कहा कि मोबाईल वितरण के इस कार्यक्रम में उन्हें बताते हुए बड़ी खुशी हो रही है कि इस कार्यक्रम के तहत नम्बरदार मोबाईल फोन या 9,000 रुपये का कूपन भी ले सकता है ताकि वह अपनी पसंद का मोबाइल फोन खरीद सके। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने नंबरदारों को मोबाइल देने का वादा किया था और इसके लिए नंबरदारों का प्रतिनिधि मण्डल भी उनसे मिला था।
डिप्टी सीएम चौटाला ने कहा कि प्रदेश सरकार नम्बरदारों को दिए गए मोबाइल फोन के लिए विशेष सॉफ्टवेयर भी तैयार करवा रही है। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार की ई-रूपे योजना से नंबरदारों को मोबाइल फोन देने का कार्य सफल हुआ है और इसके लिए केन्द्र सरकार का आभार।
वहीं पानीपत शहरी विधायक प्रमोद विज ने डिप्टी सीएम चौटाला का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि डिप्टी सीएम चौटाला पानीपत के साथ-साथ पूरे प्रदेश के विकास की हर समय चिंता करते हैं। उन्होंने कहा कि गोहाना रोड, असंध रोड चौड़ा करने के साथ-साथ जीर्णोद्धार कार्य व सेक्टर-6 नया आरओबी बनने के कार्य को डिप्टी सीएम चौटाला ने उनके एक छोटे से अनुरोध पर पूरा किया था।












Click it and Unblock the Notifications