हरियाणा के गांवों में अब मोबाइल मेडिकल यूनिट देगी चिकित्सा सुविधाएं, जानिए कौन करेगा आपकी मदद?
जींद। कोरोना संक्रमण के बाद स्वास्थ्य विभाग अपना एंबुलेंस बेड़ा लगातार मजबूत करने में जुटा हुआ है। अब मुख्यालय की ओर से जींद नागरिक अस्पताल को दो नेशनल मोबाइल मेडिकल यूनिट उपलब्ध हुई हैं। यह मोबाइल मेडिकल यूनिट उन स्थानों पर जगह पर भेजी जाती है, जहां पर स्वास्थ्य सेवाओं का अभाव रहता है। इस मेडिकल मोबाइल यूनिट में एक चिकित्सा अधिकारी, एक औषधाकारक, एक लैब टेक्नीशियन, एक स्टाफ नर्स, एक एएनएम तैनात रहेगा और दुर्गम स्थानों तथा गांव-गांव जाकर निशुल्क सेवाएं दी जाएंगी। मेडिकल मोबाइल यूनिट में एक एलईडी भी उपलब्ध है, जिसके द्वारा गांव-गांव जाकर स्वास्थ्य विभाग द्वारा दी जा सुविधाओं के बारे में दिखाया जाता है। दमा व हार्ट के मरीजों के लिए मेडिकल मोबाइल यूनिट में नैबूलाइजेशन तथा ईसीजी जैसी अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होती हैं।

डिमांड एक की, मिली दो मोबाइल यूनिट, कुल हुई तीन
कोरोना संक्रमण के मामले जींद में न के बराबर हैं। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग भविष्य को देखते हुए लगातार अपने बेड़े को मजबूत करने में जुटा है। इसी के चलते नागरिक अस्पताल के डिप्टी एमएस डा. राजेश भोला ने दुर्गम स्थानों तक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए एक और नेशनल मोबाइल मेडिकल यूनिट की डिमांड की थी। स्वास्थ्य विभाग ने इस डिमांड को पूरा करते हुए जींद अस्पताल को दो मोबाइल यूनिट उपलब्ध करवाई हैं। इस मोबाइल मेडिकल यूनिट में लैब टेक्नीशियन द्वारा लगभग 40 प्रकार के टेस्ट उपलब्ध करवाए जाते हैं। जोकि पूरी तरह से निशुल्क होते हैं। इसके साथ ही स्टाफ नर्स द्वारा सभी गर्भवती महिलाओं का चेकअप किया जाता है और आवश्यकता अनुसार उन्हें दवाइयां दी जाती है। मेडिकल मोबाइल यूनिट एएनएम द्वारा गर्भवती महिलाओं व छोटे बच्चों को टीकाकरण की सुविधा दी जाती है।
अति दुर्गम स्थानों तक पहुंचेंगी स्वास्थ्य सुविधाएं : डा. भोला
नागरिक अस्पताल के डिप्टी एमएस डा. राजेश भोला ने बताया कि विभाग को दो नेशनल मोबाइल मेडिकल यूनिट उपलब्ध हो गई हैं। जिसके चलते इनकी संख्या एक से बढ़ कर तीन हो गई है। इस मोबाइल यूनिट का रोस्टर 24 दिन का है जोकि चंडीगढ़ मुख्यालय से ही बन कर आता है। मोबाइल यूनिटों की संख्या बढ़ने से अब स्वास्थ्य सुविधाएं अति दुर्गम स्थानों तक भी पहुंचेगी और जरूरतमंद लोगों को स्वास्थ्य की बेहतर सुविधाएं भी उपलब्ध होंगी।












Click it and Unblock the Notifications